नई दिल्ली: आजकल चाय की टपरी हो या कोई आलीशान शोरूम, हर जगह UPI का ही सिक्का चलता है। जेब में कैश हो न हो, मोबाइल से पलक झपकते ही पेमेंट हो जाता है। लेकिन यही सुपरफास्ट रफ्तार कभी-कभी आफत बन जाती है। जरा सी चूक हुई, गलत नंबर टाइप हुआ या गलत QR कोड स्कैन हुआ, और आपकी मेहनत की गाढ़ी कमाई किसी अनजान शख्स के खाते में पहुंच जाती है। ऐसे में किसी का भी पसीना छूटना लाजमी है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। अगर आप सही समय पर सही कदम उठाएं, तो आपका पैसा सुरक्षित वापस मिल सकता है।
ट्रांजैक्शन होते ही सबसे पहले करें ये काम
जैसे ही आपको इस बात का एहसास हो कि पैसा गलत जगह ट्रांसफर हो गया है, बिना वक्त गंवाए सबसे पहले अपने UPI ऐप (जैसे Google Pay, PhonePe या Paytm) की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री चेक करें। कई बार नेटवर्क की दिक्कत या तकनीकी कारणों से पेमेंट ‘पेंडिंग’ (Pending) मोड में होता है। ऐसे मामलों में पैसा अपने आप आपके खाते में वापस आ जाता है।
UTR नंबर है आपकी सबसे बड़ी चाबी
अगर ट्रांजैक्शन ‘सफल’ (Successful) दिखा रहा है और पैसा आपके खाते से कट चुका है, तो तुरंत उस ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट लें। सबसे जरूरी बात यह है कि आप UTR नंबर (Unique Transaction Reference) को कहीं नोट कर लें। यह 12 अंकों का एक खास नंबर होता है जो हर डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए अलग होता है। यही नंबर इस बात का सबसे बड़ा कानूनी सबूत है कि आपने पेमेंट किया है। पैसे वापस पाने की प्रक्रिया में यह UTR नंबर ही आपके सबसे ज्यादा काम आने वाला है।