शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पिज्जा शॉप में बैठकर बातचीत कर रहे एक युवक और युवती को उस वक्त अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी, जब अचानक कुछ लोग वहाँ आ धमके। डर का आलम यह था कि पकड़े जाने के खौफ में दोनों ने रेस्टोरेंट की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और फिलहाल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
पिज्जा शॉप में अचानक आ धमके संगठन के कार्यकर्ता
यह पूरी घटना शाहजहांपुर के कांटा थाना क्षेत्र की है। शनिवार को बरेली मोड़ के पास स्थित एक पिज्जा शॉप में 21 साल का एक युवक और 19 साल की युवती बैठकर नूडल्स का इंतजार कर रहे थे। तभी हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ता वहाँ अचानक पहुंच गए। उन्होंने युवक और युवती को घेर लिया और उनसे उनकी जाति पूछनी शुरू कर दी। हालांकि, दोनों ने खुद को हिंदू बताया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उनकी बात सुनने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
घबराहट में खिड़की तोड़कर नीचे कूदे दोनों
संगठन के लोगों का आक्रामक रुख और वीडियो बनता देख युवक बुरी तरह घबरा गया। अपनी इज्जत और सुरक्षा के डर से उसने आव देखा न ताव, खिड़की की ग्रिल खींची और सीधे नीचे कूद गया। उसे कूदता देख युवती भी इतनी दहशत में आ गई कि उसने भी बिना सोचे-समझे खिड़की से छलांग लगा दी। रेस्टोरेंट की ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण दोनों को गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस का पक्ष और आगे की कार्रवाई
इस मामले पर जिले के एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। एसपी ने स्पष्ट किया कि जैसे ही तहरीर मिलती है, वीडियो बनाने वाले और डराने-धमकाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक ने अस्पताल में बताया कि वे सिर्फ खाना खाने आए थे और अचानक हुई इस ‘छापेमारी’ ने उन्हें जान जोखिम में डालने पर मजबूर कर दिया।