देशभर के करोड़ों अन्नदाताओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। अगर आप भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपका यह इंतजार अब खत्म होने वाला है। पिछली बार 19 नवंबर को किसानों के खातों में खुशियों की सौगात आई थी, लेकिन उसके बाद से एक लंबा अंतराल बीत चुका है। अब कृषि मंत्रालय की तैयारियों को देखते हुए यह माना जा रहा है कि रंगों के त्योहार होली से पहले ही सरकार किसानों के बैंक खातों में पैसों की बारिश कर सकती है।
होली से पहले आएगी खुशखबरी, जानें संभावित तारीख
साल 2026 में होली का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स और मंत्रालय के सूत्रों की मानें तो सरकार की कोशिश है कि त्योहार की खुशियों को दोगुना करने के लिए किसानों की जेब पहले ही गर्म कर दी जाए। यानी 4 मार्च 2026 से पहले आपके खाते में 22वीं किस्त के 2,000 रुपये ट्रांसफर किए जा सकते हैं। हालांकि, अभी तक सरकार ने इसकी कोई आधिकारिक तारीख (Official Date) घोषित नहीं की है, लेकिन विभागीय हलचल और सूत्रों के हवाले से मिल रही खबर इसी ओर इशारा कर रही है।
इन किसानों को 2000 नहीं, बल्कि मिलेंगे पूरे 4000 रुपये
इस बार की किस्त कुछ किसानों के लिए दोगुनी खुशी लेकर आने वाली है। दरअसल, पिछली यानी 21वीं किस्त के दौरान तकनीकी खामियों या दस्तावेजों की कमी के चलते कई पात्र किसानों के पैसे अटक गए थे। ऐसे किसानों के लिए यह मौका बहुत खास है। यदि आपने समय रहते अपनी प्रोफाइल की कमियों को सुधार लिया है और आपका वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है, तो आपको पिछली रुकी हुई किस्त और नई किस्त मिलाकर कुल 4,000 रुपये एक साथ ट्रांसफर किए जाएंगे।
लाभार्थी सूची में अपना नाम ऐसे करें चेक
किस्त जारी होने से पहले यह सुनिश्चित करना बहुत जरूरी है कि आपका नाम लाभार्थी सूची में सक्रिय है या नहीं। कई बार छोटी सी गलती की वजह से पैसा रुक जाता है। आप घर बैठे अपने मोबाइल से ही अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले PM किसान की आधिकारिक वेबसाइट (pmkisan.gov.in) पर जाएं। होमपेज पर आपको ‘फार्मर कॉर्नर’ (Farmers Corner) का विकल्प मिलेगा, वहां ‘बेनिफिशियरी स्टेटस’ (Beneficiary Status) पर क्लिक करें। अब अपना आधार नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करते ही स्क्रीन पर आपकी पूरी जानकारी, ई-केवाईसी और लैंड सीडिंग का स्टेटस आ जाएगा। अगर सब कुछ ‘Yes’ है, तो पैसा आपके खाते में जरूर आएगा।