पल्लेकेले: टी20 विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। सुपर-8 चरण के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले में मंगलवार को डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड और ‘अनप्रिडिक्टेबल’ पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शाम सात बजे शुरू होने वाला यह मैच सिर्फ एक मुकाबला नहीं, बल्कि सेमीफाइनल का ‘टिकट’ पाने की चाबी साबित हो सकता है।
स्पिनर्स का ‘चक्रव्यूह’ तय करेगा हार-जीत
पल्लेकेले की पिच पर शुरुआती ओवरों में भले ही बल्लेबाजों की मौज रहे, लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ यहाँ स्पिनर्स का दबदबा बढ़ने वाला है। पाकिस्तान के लिए इस बार सबसे बड़ा हथियार उस्मान तारिक हैं। उनके अनोखे बॉलिंग एक्शन और मिस्ट्री ऑफ-ब्रेक ने विपक्षी बल्लेबाजों की नींद उड़ा रखी है। यहाँ तक कि इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को नेट्स में तारिक के एक्शन की नकल करते देखा गया, जिससे साफ है कि अंग्रेजों के दिमाग में ‘तारिक खौफ’ घर कर चुका है।
इंग्लैंड का दांव: “हम सिर्फ तारिक पर नहीं अटकेंगे”
अनुभवी स्पिनर लियाम डॉसन ने मैच से पहले साफ कर दिया कि इंग्लैंड किसी एक खिलाड़ी के जाल में नहीं फंसने वाला। डॉसन के मुताबिक, “पाकिस्तान के पास खतरनाक खिलाड़ियों की फौज है। तारिक अच्छे हैं, लेकिन हमारी रणनीति पूरी टीम के खिलाफ होगी।” इंग्लैंड के पास विल जैक्स का बाउंस और आदिल राशिद की जादुई गुगली है, जिन्होंने पिछले मैच में श्रीलंका की कमर तोड़ दी थी।
हेड टू हेड: आंकड़ों में इंग्लैंड का ‘राज’
इतिहास की बात करें तो पाकिस्तान के लिए आंकड़े किसी डरावने सपने जैसे हैं:
- कुल टी20 मैच: 31 (इंग्लैंड जीता- 20, पाकिस्तान जीता- 09)
- टी20 वर्ल्ड कप में: 3 बार भिड़ंत और तीनों ही बार इंग्लैंड ने बाजी मारी है। पाकिस्तान के पास इस बार इतिहास बदलने और विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ अपना खाता खोलने का सुनहरा मौका है।
‘करो या मरो’ का मुकाबला
दोनों टीमों ने ग्रुप स्टेज में 4 में से 3 मैच जीते हैं, लेकिन सुपर-8 में एक हार सेमीफाइनल की राह मुश्किल कर सकती है। इंग्लैंड अगर जीतता है तो टॉप-2 में जगह लगभग पक्की कर लेगा, वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ की स्थिति वाला है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
इंग्लैंड: फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, फखर जमां, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक।