PAK vs NAM Live: टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण के 35वें मुकाबले में आज पाकिस्तान और नामीबिया की टीमें कोलंबो के मैदान पर आमने-सामने हैं। पाकिस्तान के लिए यह ‘करो या मरो’ की जंग है, जिसे जीतने के साथ ही टीम सुपर-8 का टिकट पक्का कर लेगी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने रनों की ऐसी बारिश की कि नामीबियाई गेंदबाज बेबस नजर आए।
साहिबजादा फरहान का नाबाद शतक: 200 रनों का लक्ष्य
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान आज अलग ही मूड में नजर आए। उन्होंने महज 57 गेंदों में शानदार शतक जड़कर नामीबिया के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 199 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। अब नामीबिया को सुपर-8 की रेस में बने रहने और उलटफेर करने के लिए 200 रनों की दरकार है।
शानदार शुरुआत और शादाब का साथ
पारी की शुरुआत साहिबजादा फरहान और सईम अयूब ने की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी हुई, जिसे जैक ब्रसेल ने अयूब (14 रन) को आउट कर तोड़ा। इसके बाद कप्तान सलमान अली आगा क्रीज पर आए और उन्होंने फरहान के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े। आगा 38 रन बनाकर ब्रसेल का दूसरा शिकार बने। ख्वाजा नफे (5 रन) के जल्दी आउट होने के बाद चौथे विकेट के लिए फरहान और शादाब खान ने मोर्चा संभाला।
डेथ ओवरों में शादाब और फरहान की आतिशबाजी
पारी के अंतिम ओवरों में शादाब खान ने फरहान का बखूबी साथ निभाया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 81 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। शादाब खान 36 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि फरहान ने अपनी नाबाद शतकीय पारी से पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। नामीबिया की तरफ से जैक ब्रसेल ने 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान गेरहार्ड इरेसमस को 1 सफलता मिली।