मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश में इन दिनों आसमान से बरसती आग और चिलचिलाती धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। ऐसे भीषण तापमान और चिलचिलाती गर्मी के बीच जनपद मुरादाबाद के ग्राम शरीफनगर से समाज को सुकून देने वाली एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है। मौका था गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी के पावन और पवित्र पर्व का। इस बेहद खास अवसर पर ग्राम शरीफनगर के स्थानीय युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने मिलकर एक नेक पहल की। चिलचिलाती धूप में सड़कों पर सफर कर रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए गांव में जगह-जगह भव्य छबील लगाई गई।
गाड़ियों को रोक-रोककर मुसाफिरों को पिलवाया अमृत समान शर्बत
इस सेवा कार्य के दौरान शरीफनगर के उत्साही युवाओं ने सड़क से गुजरने वाले राहगीरों, स्थानीय निवासियों और आने-जाने वाले दुपहिया व चार पहिया वाहनों को आदरपूर्वक रोक-रोकर मुसाफिरों को ठंडा-मीठा रूहअफजा और शर्बत वितरित किया। इस भीषण गर्मी में सफर कर रहे लोगों के लिए यह ठंडा शर्बत किसी अमृत से कम नहीं था। शर्बत पीने के बाद राहगीरों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस नेक कार्य के लिए पूरी टीम की जमकर सराहना की और दुआएं दीं।
इन सेवादारों ने दिनभर दी अपनी नि:स्वार्थ सेवाएं
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, निर्जला एकादशी और गंगा दशहरा पर पानी और शर्बत पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का काम माना जाता है। इस पुण्य कार्य को सफल बनाने के लिए गांव के तमाम लोगों ने एकजुट होकर दिनभर अपनी नि:स्वार्थ सेवाएं दीं। इस दौरान मुख्य रूप से वीरेंद्र सिंह, मास्टर कपिल चौहान, सहदेव चौहान, सुमित राणा, विनीत गहलौत, नीरज गहलौत, विशाल कुमार, नितेश नम्बरदार, प्रशांत चौहान, हनी राणा, निर्भय चौहान और योगजीत ने मोर्चा संभाला।
इसके साथ ही ठाकुर विपिन, अनुज कुमार, आशू कुमार, सौरभ, मयंक, दीशू, प्रतिष्ठ आदि युवाओं ने भी चिलचिलाती धूप की परवाह न करते हुए ठंडे शर्बत की सेवा में बढ़-चढ़कर अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सेवा की भावना मजबूत होती है।