मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के ठाकुरद्वारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ मंगलवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए। जसपुर मार्ग पर काल बनकर दौड़ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मची हुई है और गांव का माहौल गमगीन है।
दोस्ती का फर्ज निभाने गए थे तीनों दोस्त
हादसा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव ‘तरफ दलपत’ के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही रहने वाले 32 वर्षीय मुकेश कुमार अपने दो दोस्तों राकेश और ओमकार के साथ मंगलवार रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार होकर निकले थे। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त अपने किसी परिचित को उसके घर छोड़ने गए थे। वे अपनी दोस्ती का फर्ज निभाकर वापस लौट रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि घर वापसी का यह सफर उनका आखिरी सफर साबित होगा।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
जैसे ही तीनों दोस्त जसपुर मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घरों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
जैसे ही इस भीषण दुर्घटना की खबर गांव ‘तरफ दलपत’ में पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। जिन घरों में कुछ देर पहले तक हंसी-खुशी का माहौल था, वहां अब अपनों को खोने की चीखें सुनाई दे रही हैं। तीन जवानों की मौत से न सिर्फ उनके परिजन टूट गए हैं, बल्कि पूरा क्षेत्र इस घटना से स्तब्ध है। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है ताकि पीड़ित परिवारों को इंसाफ मिल सके।