अबुल कलाम अश्क़
मुरादाबाद/संभल: मुरादाबाद मंडल में आज ईद-उल-फितर का त्योहार बेहद हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों का तांता लग गया। हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ नमाज अदा की, जिससे पूरा माहौल भक्ति और भाईचारे के रंग में रंगा नजर आया। नमाज मुकम्मल होने के बाद हर तरफ ‘ईद मुबारक’ की गूंज सुनाई दी और लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस मौके पर देश में अमन, चैन और खुशहाली के लिए खास दुआएं मांगी गईं।
मुरादाबाद ईदगाह में दो शिफ्ट में हुई नमाज
मुरादाबाद के गलशहीद स्थित मुख्य ईदगाह में नमाजियों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए थे। यहां नमाज दो चरणों में संपन्न हुई। पहली जमात सुबह 8:00 बजे और दूसरी 8:30 बजे अदा की गई। सुरक्षा व्यवस्था का आलम यह था कि खुद डीएम और एसएसपी सतपाल अंतिल ग्राउंड जीरो पर डटे रहे। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह और अन्य आला अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे ताकि नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
ड्रोन से निगरानी और कड़ा पहरा
त्योहार के दौरान सुरक्षा को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर दिखा। संभल समेत पूरे मुरादाबाद मंडल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील इलाकों में पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रही। भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील रास्तों पर ड्रोन कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे की निगरानी की गई। प्रशासन की इस सक्रियता का नतीजा रहा कि पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
फूलों की बारिश और मोहब्बत का पैगाम
गजरौला की जामा मस्जिद और बिलारी के इब्राहिमपुर गांव में भी ईद की रौनक देखते ही बनी। बिलारी में इमाम साहब ने अपनी तकरीर में इंसानियत और भाईचारे का संदेश देते हुए सभी को मिल-जुलकर रहने की सीख दी। वहीं, ठाकुरद्वारा और शरीफ नगर की ईदगाहों में भी सुबह 8:00 बजे हजारों हाथ दुआ के लिए उठे। सबसे खूबसूरत मंजर चंदौसी के खुर्जा गेट क्षेत्र में देखने को मिला, जहां नमाज अदा कर लौट रहे लोगों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा की। फूलों की इस बारिश ने सांप्रदायिक सौहार्द की एक बेमिसाल तस्वीर पेश की।