मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हॉट सीट सरधना की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है। समाजवादी पार्टी के फायरब्रांड विधायक अतुल प्रधान और भाजपा के कद्दावर पूर्व विधायक संगीत सोम के बीच की जुबानी जंग अब बेहद निजी और तीखे हमलों तक पहुँच गई है। सपा विधायक अतुल प्रधान ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संगीत सोम पर ऐसे गंभीर आरोप मढ़े हैं, जिससे पूरे उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
हिंदूवादी चेहरे पर उठाए बड़े सवाल
अपने आवास पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए अतुल प्रधान ने संगीत सोम के ‘हिंदूवादी’ होने के दावों पर जमकर प्रहार किया। प्रधान ने सीधे तौर पर संगीत सोम की विचारधारा को आड़े हाथों लेते हुए उनके सार्वजनिक और निजी जीवन के अंतर पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद को हिंदुत्व का रक्षक बताता है, उसकी असलियत जनता के सामने आनी चाहिए।
शाहरुख खान और मीट कारोबार का जिक्र
अतुल प्रधान ने संगीत सोम पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ तो वह बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान जैसे कलाकारों को ‘गद्दार’ बताते हैं और हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ पर्दे के पीछे उनकी हकीकत कुछ और ही है। प्रधान ने दावा किया कि संगीत सोम खुद मोइन कुरैशी जैसे लोगों के साथ मिलकर मीट का बड़ा कारोबार करते हैं। प्रधान ने तंज कसते हुए पूछा कि जनता को यह बताना चाहिए कि यह कैसा दोहरा चरित्र है जहाँ एक तरफ नफरत की राजनीति है और दूसरी तरफ मीट का बिजनेस?