लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर मानवीय संवेदना दिखाते हुए पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। एसआईआर (SIR) ड्यूटी के तनाव के चलते आत्महत्या करने वाले बीएलओ (BLO) सर्वेश जाटव के परिवार को अखिलेश यादव ने शनिवार को सहायता राशि प्रदान की। इस मुलाकात के दौरान सपा मुखिया काफी भावुक नजर आए और उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
राजधानी बुलाकर दुख में बने सहभागी
अखिलेश यादव ने मुरादाबाद के भोजपुर इलाके के बहेड़ी गांव निवासी सर्वेश जाटव की पत्नी और बच्चों को विशेष रूप से लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय बुलाया था। शनिवार को हुई इस मुलाकात में सपा प्रमुख ने मृतक की पत्नी को 2 लाख रुपये का चेक सौंपा। इतना ही नहीं, उन्होंने सर्वेश की चारों बेटियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें 11-11 हजार रुपये की नकद सहायता भी दी। परिजनों ने इस मदद के लिए अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया है।
सपा ने संसद से विधानसभा तक उठाई थी आवाज
आपको बता दें कि बीएलओ सर्वेश जाटव की आत्महत्या का मामला काफी गरमाया रहा था। समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर सरकार को जमकर घेरा था। जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और कांठ विधायक कमाल अख्तर के नेतृत्व में इस मामले को न केवल विधानसभा बल्कि संसद के सत्र में भी प्रमुखता से उठाया गया था। सपा का आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों पर काम का दबाव इतना ज्यादा है कि वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
भावुक हुए परिजन, कहा- ‘शुक्रिया अखिलेश जी’
जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खुद पीड़ित परिवार की सुध ली और उन्हें लखनऊ आमंत्रित किया। शनिवार को जब विधायक कमाल अख्तर के नेतृत्व में परिवार लखनऊ पहुंचा, तो अखिलेश यादव ने उनसे विस्तार से बात की और सांत्वना दी। परिवार ने इस आर्थिक मदद को मुश्किल समय में बड़ा सहारा बताया है। इस दौरान पार्टी के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।