बिहार के दरभंगा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने आस्था और विश्वास को झकझोर कर रख दिया है। धर्म की आड़ में एक कथावाचक ने ऐसी शर्मनाक हरकत की, जिसे जानकर इलाके के लोग दंग हैं। चर्चित कथावाचक श्रवण दास जी महाराज को महिला थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन आखिरकार वह कानून के शिकंजे में आ गया।
शादी का झांसा और एक साल तक शोषण
महिला थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कथावाचक श्रवण दास ने नाबालिग पीड़िता को अपनी मीठी बातों और शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था। आरोप है कि वह करीब एक साल तक लड़की का शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान जब पीड़िता गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए उसका जबरन गर्भपात (Abortion) भी करा दिया। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि एक बंद कमरे में शादी करने का वीडियो भी सामने आया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी अपनी बातों से मुकर गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
अदालत ने भेजा 14 दिनों की जेल
शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कथावाचक को पॉक्सो (POCSO) कोर्ट की विशेष न्यायाधीश प्रोतिमा परिहार के सामने पेश किया। मामले की गंभीरता और ठोस सबूतों को देखते हुए अदालत ने आरोपी श्रवण दास को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। इस मामले में पुलिस ने केवल श्रवण दास ही नहीं, बल्कि राम उदित दास उर्फ मौनी को भी नामजद आरोपी बनाया है। ये दोनों आरोपी मूल रूप से बिरौल इलाके के रहने वाले हैं और फिलहाल लहेरियासराय के एक मंदिर में रह रहे थे।
गिरफ्तारी से बचने की थी पूरी तैयारी
हैरानी की बात यह है कि आरोपी कथावाचक गिरफ्तारी से बचने के लिए कानून का सहारा लेने की कोशिश कर रहा था। उसने पॉक्सो कोर्ट में अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) की अर्जी डाली थी, जिस पर 17 जनवरी को सुनवाई होनी तय थी। हालांकि, उसी दिन जिला बार एसोसिएशन में एक वकील के निधन की वजह से शोक सभा थी और अदालती कामकाज बंद रहा। सुनवाई टलने का फायदा उठाते हुए पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और मौका पाकर आरोपी को धर दबोचा।