रामपुर: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ सड़क पर दबंगई का ऐसा नजारा दिखा जिसे देखकर लोग दंग रह गए। एक जीप चालक ने न सिर्फ एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, बल्कि विरोध करने पर उसके चालक को गाड़ी के बोनट पर लटकाकर सड़क पर काफी दूर तक घुमाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पटेल चौक के पास हुआ जोरदार एक्सीडेंट
जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना बुधवार दोपहर नगर के व्यस्त पटेल चौक के पास की बताई जा रही है। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार जीप ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबको डरा दिया।
बोनट पर लटका रहा चालक, दौड़ती रही जीप
टक्कर लगने के बाद जब ई-रिक्शा चालक ने जीप को रोकने की कोशिश की और गाड़ी के आगे खड़ा हो गया, तभी जीप चालक ने गाड़ी रफ्तार में बढ़ा दी। टक्कर के झटके और रफ्तार के कारण ई-रिक्शा चालक उछलकर सीधा जीप के बोनट पर जा गिरा। आरोपी ड्राइवर ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे बोनट पर लटकाए हुए ही सड़क पर दौड़ाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने जब यह मंजर देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। कुछ दूरी तक ले जाने के बाद भीड़ ने घेराबंदी कर जीप रुकवाई और आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी जीप चालक, जिसकी पहचान संत नगर कॉलोनी निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, उसे हिरासत में ले लिया है। बिलासपुर कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, सीओ हर्षिता सिंह ने कहा है कि वीडियो के तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।