मुंबई/बारामती: महाराष्ट्र की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। बारामती में हुए दर्दनाक प्लेन क्रैश में राज्य के पूर्व डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी (अजित गुट) ने उत्तराधिकार की जंग को महज 48 घंटों में सुलझा लिया है। बारामती में जब अजित पवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जा रही थी, उसी दौरान मुंबई में सत्ता की नई बिसात बिछाई जा चुकी थी। विधायक दल ने बड़ा फैसला लेते हुए अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को अपना नया नेता चुन लिया है, जो अब महाराष्ट्र की नई डिप्टी सीएम होंगी।
शरद पवार को भनक तक नहीं और हो गया बड़ा खेल
इस पूरे घटनाक्रम की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जब मुंबई में सुनेत्रा पवार के नाम पर मुहर लग रही थी, तब शरद पवार बारामती में बैठकर अगले कदम की रणनीति बना रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार इस बात से पूरी तरह बेखबर थे कि पार्टी इतनी तेजी से फैसला ले लेगी। बताया जा रहा है कि इस “सुपरफास्ट” ऑपरेशन के पीछे प्रफुल्ल पटेल, छगन भुजबल और सुनील तटकरे जैसे दिग्गज नेताओं का दिमाग है। इन नेताओं ने एनसीपी के शरद पवार गुट के साथ विलय की चर्चाओं को दरकिनार करते हुए अजित पवार की विरासत सुनेत्रा पवार को सौंपने का फैसला कर लिया।
पार्थ पवार की भी होगी ‘पावरफुल’ एंट्री
अजित पवार के निधन के बाद न सिर्फ डिप्टी सीएम की कुर्सी बल्कि राज्यसभा की खाली होने वाली सीट को लेकर भी तस्वीर साफ होती दिख रही है। छगन भुजबल ने पहले ही सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा था और अब खबर है कि अजित पवार के बड़े बेटे पार्थ पवार को राज्यसभा भेजा जा सकता है। इस फैसले के जरिए पार्टी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि अजित पवार का परिवार और उनका गुट पूरी तरह एकजुट है और कमान अब भी उनके घर में ही रहेगी।
शरद पवार की बैठक और परिवार की दूरियां
शुक्रवार की शाम शरद पवार ने परिवार के सदस्यों और पार्टी के दोनों धड़ों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी। इस बैठक का मुख्य एजेंडा दोनों गुटों का विलय और नई सरकार में जिम्मेदारियों का बंटवारा था। शरद पवार चाहते थे कि महायुति सरकार में उनके गुट के रोहित पवार समेत दो विधायकों को मंत्री पद मिले। हालांकि, अजित पवार के परिवार की इस बैठक से दूरी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीति के जानकारों का मानना है कि अजित पवार के बाद अब महाराष्ट्र की सियासत में चाचा और बहू के बीच एक नई जंग देखने को मिल सकती है।