मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां एक पत्नी ने अपने ही सुहाग को मौत के घाट उतारने के लिए ऐसा फिल्मी प्लान बनाया कि पुलिस भी दंग रह गई। पति को शक था कि उसकी पत्नी का अफेयर चल रहा है, इसलिए उसने बाहर काम पर जाना छोड़कर घर में ही दुकान खोल ली ताकि वह पत्नी पर नजर रख सके। लेकिन उसे क्या पता था कि यही नजर रखना उसकी जान का दुश्मन बन जाएगा।
नहर में मिला था शव: ऐसे हुआ खुलासा
मामला मुरादाबाद के गोधी गांव का है। यहाँ रहने वाले 45 वर्षीय अख्तर अली 27 जनवरी को दुकान का सामान लेने निकले थे, लेकिन वापस नहीं आए। तीन दिन बाद, 30 जनवरी को उनका शव सिरसवां गौड़ के पास एक नहर में तैरता हुआ मिला। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो अख्तर के भाई ने अपनी भाभी शबीना पर ही शक जताया। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं और जो सच सामने आया उसने सबको हिला कर रख दिया।
ननदोई निकला पत्नी का प्रेमी, रची मौत की साजिश
पुलिस की गिरफ्त में आई 35 वर्षीय शबीना ने कबूल किया कि उसके अपने 60 वर्षीय सगे ननदोई अल्ताफ के साथ अवैध संबंध थे। अल्ताफ और अख्तर का परिवार आमने-सामने ही रहता है। जब अख्तर को इन दोनों के रिश्तों की भनक लगी, तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। पत्नी की हरकतों पर लगाम कसने के लिए उसने कपड़े की फेरी का काम बंद कर दिया और घर में ही परचून की दुकान खोल ली।
शबीना को पति की ये पाबंदियां रास नहीं आईं। उसने अपने प्रेमी ननदोई अल्ताफ को मजबूर किया कि वह उसके पति को रास्ते से हटा दे। शबीना ने ही पूरा प्लान तैयार किया कि अख्तर को शराब पिलाकर नहर में फेंक दिया जाए, ताकि दुनिया को यह लगे कि वह नशे में गिरकर डूब गया।
शराब पार्टी के बहाने मौत का ‘शॉर्टकट’
27 जनवरी को जैसे ही अख्तर सामान लेने घर से निकला, शबीना ने तुरंत अल्ताफ को सूचना दे दी। अल्ताफ ने अपने दामाद की कार ली और अपने दो दोस्तों, रंजीत और सतपाल को साथ बिठा लिया। रास्ते में उन्होंने अख्तर को अपनी कार में लिफ्ट दी, उसे जमकर शराब पिलाई और फिर बेहोशी की हालत में उसे नहर में धक्का दे दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आराम से अपने घर आ गए।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने पत्नी शबीना, प्रेमी अल्ताफ और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।