उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे की वजह से हो रही मौतों को लेकर बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सीएम योगी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब चाइनीज मांझे से होने वाली मौत को महज एक ‘हादसा’ नहीं, बल्कि ‘हत्या’ माना जाएगा। उन्होंने प्रदेश भर के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इसके स्टॉक पर पूरी तरह से लगाम लगाई जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस को बाजारों में छापेमारी करने और अवैध मांझा बेचने वालों को सलाखों के पीछे भेजने के सख्त निर्देश दिए हैं।
बाजारों में कैसे पहुँच रहा जानलेवा मांझा? सीएम ने माँगा जवाब
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बात को लेकर भी नाराज दिखे कि प्रतिबंध के बावजूद यह जानलेवा मांझा खुलेआम बाजारों में कैसे बिक रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को प्रदेशव्यापी विशेष अभियान चलाने को कहा है। सीएम ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों को गंभीर अपराध की श्रेणी में रखा जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस अभियान और की गई कार्रवाई की समीक्षा अब उच्च स्तर पर की जाएगी ताकि किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
लखनऊ में हुआ दर्दनाक हादसा: बुझ गया घर का इकलौता चिराग
सीएम योगी का यह कड़ा फैसला हाल ही में राजधानी लखनऊ में हुए एक दिल दहला देने वाले हादसे के बाद आया है। लखनऊ के हैदरगंज पुल पर बाइक से जा रहे एक युवक की गर्दन पतंग की डोर (चाइनीज मांझा) की चपेट में आने से बुरी तरह कट गई। घायल युवक को आनन-फानन में ट्रामा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की लाख कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
इकलौता बेटा था शोएब, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक युवक की पहचान शोएब के रूप में हुई है। शोएब अपने परिवार का इकलौता सहारा था और मेहनत-मजदूरी करके घर का खर्च चलाता था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस जानलेवा मांझे को बेचने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जो मिसाल बने। शोएब की मौत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह खूनी धागा आम लोगों के लिए कितना बड़ा खतरा बन चुका है।