संसद भवन परिसर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसकी हर तरफ खूब चर्चा हो रही है। राजनीति की दुनिया में अक्सर एक-दूसरे पर वार-पलटवार करने वाले नेता असल जिंदगी में एक-दूसरे का कितना ख्याल रखते हैं, इसकी बानगी इस घटना में देखने को मिली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर संसद की सीढ़ियों पर फोन पर बात करते हुए अचानक लड़खड़ा गए, जिन्हें तुरंत सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सहारा देकर संभाला। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फोन पर बात करते हुए फिसला पैर
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर संसद परिसर की सीढ़ियों से उतर रहे थे। वह हाथ में फोन लेकर किसी से बात करने में मशगूल थे। जैसे ही उन्होंने अगली सीढ़ी पर पैर रखा, उनका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गए। यह पल काफी डराने वाला था क्योंकि सीढ़ियों पर गिरना गंभीर चोट का कारण बन सकता था।
अखिलेश यादव बने मददगार
गनीमत यह रही कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ठीक उनके बगल में ही खड़े थे। जैसे ही थरूर लड़खड़ाए, अखिलेश ने बिजली जैसी फुर्ती दिखाई और उन्हें गिरने से पहले ही थाम लिया। अखिलेश न सिर्फ उन्हें उठाने में मदद की, बल्कि कुछ देर तक उनका हाथ पकड़कर सीढ़ियों से नीचे तक उतारा ताकि वह दोबारा न फिसलें। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई, जिससे माहौल हल्का हो गया।
शशि थरूर ने खुद शेयर किया वीडियो
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शशि थरूर के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। लोगों का प्यार और फिक्र देखते हुए खुद शशि थरूर ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया है। वीडियो में दिख रही दोनों नेताओं की इस केमिस्ट्री को लोग ‘सच्ची राजनीति’ और ‘मानवता’ का उदाहरण बता रहे हैं। विपक्षी एकता के बीच इन दो बड़े नेताओं का यह वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है।