मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक बेहद ह्रदय विदारक खबर सामने आई है। शनिवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब बस से उतरकर कुछ यात्री सड़क किनारे खड़े थे और पीछे से आ रहे एक बेकाबू कंटेनर ने उन्हें कुचल दिया।
तड़के 2:45 बजे मौत बनकर आया कंटेनर
यह खौफनाक मंजर सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से कानपुर जा रही एक प्राइवेट बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए निकल गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
ड्राइवर की एक गलती और उजड़ गए कई परिवार
हादसे की प्रारंभिक जांच में बस ड्राइवर की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नियमों के मुताबिक, एक्सप्रेस-वे पर वाहनों को केवल निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में ही रोकना चाहिए, लेकिन ड्राइवर ने बस को असुरक्षित स्थान पर सड़क के किनारे ही खड़ा कर दिया था। इसी चूक ने छह जिंदगियों को मौत के मुंह में धकेल दिया। मरने वालों में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), अस्लम (कन्नौज) और संतोष (दिल्ली) शामिल हैं, जबकि दो अन्य की शिनाख्त अभी की जा रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। सीएम ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को इलाज में कोई कमी न रहे और राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जाएं। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कंटेनर चालक की तलाश जारी है।