अलीगढ़: प्रेम, धोखा और तंत्र-मंत्र! उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने समाज को हैरान कर दिया है। करीब 10 महीने पहले अपने होने वाले दामाद राहुल के साथ फरार होकर सुर्खियों में आई सपना देवी गुरुवार को अचानक थाने पहुँच गईं। लेकिन इस बार वह प्यार के दावे लेकर नहीं, बल्कि खौफनाक आपबीती और पछतावे के आंसू लेकर आईं थीं।
‘प्रेम जाल’ में फंसाकर लूटे जेवर, फिर बनाया बंधक
थाने पहुँची सपना देवी ने पुलिस के सामने गुहार लगाते हुए राहुल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि राहुल ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर घर से भागने पर मजबूर किया। आरोप है कि राहुल ने उसके पास मौजूद सारी नकदी और जेवरात खर्च कर डाले। सपना के मुताबिक, पैसे खत्म होते ही राहुल का असली चेहरा सामने आ गया। उसने महिला को बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया और उसका मानसिक उत्पीड़न किया।
“बच्चों को छोड़कर जाना मेरी सबसे बड़ी गलती”
पछतावे में डूबी महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर गई थी, जिसकी टीस उसे अब सोने नहीं देती। पीड़िता ने कहा, “मुझे अपने किए पर बहुत पछतावा है। अब मैं उस शख्स के साथ नहीं, बल्कि अकेले रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करना चाहती हूँ।” सपना ने एक और चौंकाने वाला दावा किया कि राहुल महिलाओं की खरीद-फरोख्त जैसे अवैध धंधों में भी शामिल है।
दामाद का पलटवार: “महिला करती थी तांत्रिक क्रियाएं”
दूसरी तरफ, राहुल ने भी पुलिस के पास पहुंचकर अपनी अलग ही कहानी सुनाई है। राहुल का आरोप है कि सपना देवी तांत्रिक क्रियाएं (टोटका) करती थी और उसे अजीबोगरीब चीजें पहनने के लिए मजबूर करती थी। राहुल ने क्षेत्राधिकारी (CO) से मिलकर न्याय की गुहार लगाई और आरोप लगाया कि उसका घर उजाड़ने में महिला और उसके परिजनों का हाथ है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है।