लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र (2026-27) में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पुराने रौद्र रूप में नजर आए। राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए सीएम योगी ने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया। राष्ट्रवाद से लेकर कानून-व्यवस्था तक, मुख्यमंत्री ने हर मुद्दे पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जो लोग ‘वंदे मातरम’ का विरोध करते हैं, उन्हें कान पकड़कर बाहर कर देना चाहिए।
“वंदे मातरम नहीं तो हिंदुस्तान में जगह नहीं”
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रवाद के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि कुछ लोग हिंदुस्तान की धरती का अन्न खाते हैं, लेकिन उन्हें ‘वंदे मातरम’ बोलने में दिक्कत होती है। सीएम योगी ने कहा, “जो लोग हिंदुस्तान की खाएंगे, लेकिन वंदे मातरम नहीं गाएंगे, उन्हें यहाँ रहने का कोई हक नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण ही विपक्ष अयोध्या, मथुरा और सांस्कृतिक विरासतों के विकास का विरोध करता रहा है।
‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ का दौर अब खत्म
सपा शासनकाल पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने एक पुरानी कहावत का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “एक समय था जब लोग कहते थे— ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’। उस दौर में माफिया समानांतर सरकार चलाते थे और बेटियां-व्यापारी सुरक्षित नहीं थे।” सीएम ने कहा कि 2017 के बाद यूपी ‘उपद्रव’ से ‘उत्सव’ के प्रदेश में बदल गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब यूपी में दंगों की जगह ‘टेम्पल इकोनॉमी’ (Temple Economy) फल-फूल रही है।
माघ मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब: 21 करोड़ का रिकॉर्ड
प्रदेश की सुधरी कानून-व्यवस्था का प्रमाण देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रयागराज का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि 2017 से पहले के कुंभ में जहां 12 करोड़ लोग आए थे, वहीं इस बार के माघ मेले में ही 21 करोड़ श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। यह जनता के बीच कानून के राज और सुरक्षा को लेकर पैदा हुए विश्वास का नतीजा है।
पुलिस भर्ती और सुरक्षा का नया मॉडल
योगी सरकार ने सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों का ब्यौरा भी सदन के सामने रखा:
- रिकॉर्ड भर्ती: प्रदेश में 60,244 पुलिसकर्मियों की रिकॉर्ड भर्ती की गई है।
- फॉरेंसिक लैब: पहले प्रदेश में मात्र 2-3 लैब थीं, जो अब बढ़कर 12 हो चुकी हैं।
- साइबर सुरक्षा: हर जिले में साइबर थाना और हर थाने में साइबर डेस्क की स्थापना की गई है।
- नारी शक्ति: पीएसी की तीन महिला वाहिनियों का गठन किया गया है और तीन और पाइपलाइन में हैं।
गरीबी रेखा से बाहर आए 6 करोड़ लोग
विकास के आंकड़ों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग की रिपोर्ट गवाह है कि पिछले 8 वर्षों में यूपी के 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को मातृशक्ति और संवैधानिक पदों का सम्मान करना सीखना चाहिए। सीएम ने साफ कर दिया कि उनकी सरकार राशन, स्वास्थ्य और विकास की योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के जारी रखेगी।