Baghpat Viral News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग रह गया है। यहाँ एक महिला ने सामाजिक मर्यादाओं और खून के रिश्तों को दरकिनार करते हुए अपने ही सगे भतीजे के साथ सात फेरे ले लिए। इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस बेमेल शादी का गवाह कोई और नहीं, बल्कि महिला का अपना पति बना। यह पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी ड्रामे की तरह मंदिर के बजाय थाने की दहलीज पर अंजाम दिया गया।
5 साल का ‘वर्जित’ प्यार और मासूम बच्चों की अनदेखी
यह अजीबोगरीब मामला बागपत के दोघट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय महिला की शादी करीब 8 साल पहले पंकज (नाम परिवर्तित) के साथ हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे भी हैं और सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन करीब 5 साल पहले महिला का दिल अपने ही सगे जेठ के 22 वर्षीय बेटे संजीव पर आ गया। चाची और भतीजे के बीच शुरू हुआ यह प्रेम प्रसंग धीरे-धीरे पूरे इलाके में फैल गया। खून का रिश्ता और समाज का डर भी इन दोनों के इस ‘वर्जित’ प्यार को रोक नहीं सका।
जब पति ने सुरक्षा के लिए लिया दिल दहला देने वाला फैसला
इस अवैध रिश्ते को लेकर परिवार और गांव में कई बार पंचायतें हुईं। बुजुर्गों ने लोक-लाज का हवाला देकर समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन प्रेमी जोड़ा टस से मस नहीं हुआ। शुक्रवार को यह विवाद तब चरम पर पहुंच गया जब बात थाने तक जा पहुंची। वहां पति पंकज ने अपनी पत्नी की खुशी और संभावित खतरे को देखते हुए उसकी शादी उसके ही प्रेमी (भतीजे) से कराने की हामी भर दी।
पंकज ने इस फैसले के पीछे एक खौफनाक तर्क दिया। उसने श्रद्धा वॉकर जैसे हत्याकांडों का जिक्र करते हुए कहा कि वह नहीं चाहता कि कल को कोई बड़ी वारदात हो या किसी की जान जाए। अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए उसने इस कड़वे घूंट को पीने का फैसला किया।
थाने के गेट पर हाई-वोल्टेज ड्रामा और वरमाला
शुक्रवार शाम दोघट थाने के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब थाने के गेट पर ही चाची और भतीजे ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इस दौरान महिला का पति और उसका ससुर खुद वहां गवाह बनकर खड़े रहे। हालांकि, इस घटना से आहत होकर महिला के मायके वालों ने उससे हमेशा के लिए नाता तोड़ लिया है। मायके पक्ष का कहना है कि यह शर्मनाक हरकत समाज के मुंह पर एक तमाचा है।
क्या कहती है पुलिस?
इलाके में इस शादी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और विरोध हो रहा है। दोघट थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस के पास इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चूंकि महिला और उसका प्रेमी दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से थाने के परिसर के बाहर यह सब कर रहे थे, इसलिए पुलिस ने इसमें दखल नहीं दिया। जब तक कोई कानूनी शिकायत नहीं मिलती, पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकती।