बरेली/मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के बरेली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा से पिछले 5 दिनों से लापता 20 वर्षीय छात्र रियाज ने ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जान देने से ठीक पहले रियाज ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को व्हाट्सएप पर एक बेहद भावुक सुसाइड नोट भेजा, जिसमें उसने लिखा कि उसकी रूह उसे सुकून नहीं दे रही है और वह अल्लाह के पास जा रहा है।
16 फरवरी से लापता था आरिफ का इकलौता बेटा
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा निवासी मो. आरिफ का इकलौता बेटा रियाज बीए का छात्र था और स्टेनो की तैयारी कर रहा था। रविवार को अचानक उसने व्हाट्सएप ग्रुप पर अपना सुसाइड नोट पोस्ट किया और घर से गायब हो गया। परिजनों ने पुलिस के साथ मिलकर काशीपुर, जसपुर और सुल्तानपुर पट्टी तक खाक छानी, लेकिन रियाज का कुछ पता नहीं चला। 16 फरवरी को उसकी आखिरी लोकेशन उत्तराखंड में मिली थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया था।
“मेरे शरीर से नफरत हो गई है…” सुसाइड नोट ने रुलाया
रियाज ने अपने सुसाइड नोट में किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। उसने लिखा, “मैं अपने होशो-हवास में अल्लाह के पास जा रहा हूं क्योंकि मुझे अपने शरीर से नफरत हो गई है। मुझ पर न समाज का दबाव है और न ही घरवालों का, बस मेरी रूह मुझे सुकून नहीं देती।” उसने अपने अम्मी-पापा और बहन का ख्याल रखने की गुजारिश की और अपनी बहन की शादी धूमधाम से करने की आखिरी ख्वाहिश जताई।
मानसिक परेशानी और बीमारी से जूझ रहा था रियाज
ठाकुरद्वारा कोतवाली पुलिस के मुताबिक, रियाज पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। बताया जा रहा है कि वह पिछले पांच दिनों से सोया भी नहीं था। परिजनों ने पहले भी उसका इलाज कराया था, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति में सुधार नहीं हो रहा था। बुधवार शाम बरेली जीआरपी से सूचना मिलने के बाद पुलिस और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।