नूंह हिंसा के आरोपी और गोरक्षा बजरंग फोर्स के अध्यक्ष राजकुमार उर्फ बिट्टू बजरंगी इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में हैं। बिट्टू बजरंगी के साथ शादी के नाम पर 30 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आलम यह रहा कि बिट्टू बारात लेकर अलीगढ़ पहुंच गए, लेकिन वहां न दुल्हन मिली और न ही बिचौलिए। अब सारन थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसी के रिश्तेदार ने बुना ठगी का जाल
बिट्टू बजरंगी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोसी का एक रिश्तेदार बंटी अक्सर उनके पास आता-जाता था। बातों-बातों में बिट्टू ने शादी करने की इच्छा जाहिर की और बंटी से कोई योग्य लड़की देखने को कहा। बंटी ने बिट्टू की मुलाकात रानी नाम की महिला से करवाई। इन लोगों ने बिट्टू को तीन बार अलीगढ़ बुलाया और कई लड़कियां दिखाईं, लेकिन बात नहीं बनी।
फोटो पसंद आई, फिर तय हुई शादी की तारीख
कुछ समय बाद बंटी ने बिट्टू को एक युवती की फोटो भेजी, जो उन्हें पसंद आ गई। 5 सितंबर 2025 को बंटी और रानी उस युवती के परिवार वालों को लेकर बिट्टू के घर पहुंचे। वहां सब कुछ पक्का हो गया और शादी के लिए 7 फरवरी की तारीख तय की गई। बिट्टू को बारात लेकर अलीगढ़ आने का न्योता दिया गया। शादी से ठीक एक दिन पहले, 6 फरवरी को आरोपियों ने लड़की के कपड़े खरीदने के बहाने बिट्टू से 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए।
बारात लेकर पहुंचे अलीगढ़, पर दुल्हन ने कर दिया इनकार
तय तारीख पर बिट्टू बजरंगी पूरे लाव-लश्कर और बारात के साथ अलीगढ़ पहुंच गए। लेकिन वहां पहुंचने पर उनके होश उड़ गए। जिस जगह शादी होनी थी, वहां सन्नाटा पसरा था और बिचौलियों के फोन बंद आ रहे थे। जब बिट्टू ने सीधे उस युवती को फोन लगाया जिसकी फोटो दिखाई गई थी, तो उसने साफ कह दिया कि उसे इस शादी के बारे में कुछ पता ही नहीं है।
खाली हाथ लौटी बारात, ऑडियो भी हुआ वायरल
धोखाधड़ी का एहसास होते ही बिट्टू बजरंगी को बारात लेकर बैरंग वापस लौटना पड़ा। इस मामले में एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर आरोपी 1.20 लाख रुपये में शादी कराने का सौदा करते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस अब बंटी और रानी की तलाश में जुट गई है। बता दें कि बिट्टू बजरंगी 2023 में हरियाणा के नूंह में हुए सांप्रदायिक दंगों में भी आरोपी रह चुके हैं।