लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। मेरठ के ‘ड्रम कांड’ की यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थीं कि लखनऊ में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने न सिर्फ पिता को गोली मारी, बल्कि उनकी लाश के टुकड़े-टुकड़े कर धड़ को घर के अंदर एक ड्रम में छिपा दिया।
माथे पर सटाकर मारी गोली, फिर किए टुकड़े
पुलिस की पूछताछ में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी बेटे अक्षत ने बताया कि 20 फरवरी की भोर करीब 4:30 बजे उसका पिता मानवेंद्र सिंह (49) से विवाद हुआ था। गुस्से में पागल अक्षत ने पिता की ही लाइसेंसी रायफल उठाई और तीसरी मंजिल पर सो रहे पिता के माथे पर सटाकर गोली मार दी। हत्या के बाद वह पूरी रात लाश के साथ रहा और अगले दिन सबूत मिटाने का खौफनाक खेल शुरू किया।
हाथ-पैर काटकर जंगल में फेंके, धड़ ड्रम में छिपाया
पकड़े जाने के डर से अक्षत ने पिता के शव को घसीटकर ग्राउंड फ्लोर पर लाया। यहाँ उसने बेरहमी से शव के हाथ और पैर काट दिए। कटे हुए अंगों को वह पारा के सदरौना स्थित घने जंगलों में फेंक आया, ताकि शिनाख्त न हो सके। बाकी बचे धड़ को उसने घर के ही एक प्लास्टिक ड्रम में भरकर छिपा दिया। बदबू न फैले, इसके लिए उसने कई जतन भी किए।
पढ़ाई का दबाव बना हत्या की वजह
जब पुलिस ने अक्षत से इस क्रूरता की वजह पूछी, तो जवाब सुनकर अधिकारी भी दंग रह गए। अक्षत ने बताया कि उसके पिता उस पर प्रतियोगी परीक्षाओं (Competitive Exams) की तैयारी करने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए लगातार दबाव बनाते थे। पिता की यही ‘टोक-टाक’ उसे इतनी नागवार गुजरी कि उसने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
खुद थाने पहुंचकर लिखाई गुमशुदगी की रिपोर्ट
शातिर अक्षत ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद आशियाना थाने पहुंचकर पिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पड़ोसियों को भी यह झूठी कहानी सुनाई कि पिता कहीं चले गए हैं या शायद आत्महत्या कर ली है। हालांकि, पुलिस को उसकी बातों पर शक हुआ और जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पड़ोसियों में दहशत का माहौल
सोमवार को जब पुलिस की टीम अक्षत के घर पहुंची और ड्रम से सड़ा-गला शव बरामद किया, तो पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। डीसीपी मध्य विक्रांत वीर ने बताया कि पुलिस ने शव के अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल रायफल को भी बरामद कर लिया गया है। इस घटना ने पूरे लखनऊ को झकझोर कर रख दिया है।