मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के मशहूर ‘फेमस बेकर्स’ के संचालक मोहम्मद असद (62 वर्ष) की शुक्रवार शाम सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। चौंकाने वाली बात यह है कि इस कत्ल का आरोप उनके अपने ही सगे साले मोहम्मद जफर पर लगा है, जो एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में इस जघन्य हत्याकांड के पीछे 10 लाख रुपये की रंगदारी और संपत्ति विवाद की बात सामने आ रही है।
नमाज पढ़ने जाते समय रास्ते में घेरा
घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे की है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की जिगर कॉलोनी के रहने वाले मोहम्मद असद अपने बड़े साले मुजाहिद के साथ स्कूटी पर सवार होकर नागफनी इलाके की लाल मस्जिद जा रहे थे। वे तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि मौत रास्ते में उनका इंतजार कर रही है। जैसे ही उनकी स्कूटी बंगला गांव चौराहे के पास पहुंची, पीछे से एक बाइक पर सवार होकर छोटा साला मोहम्मद जफर अपने एक साथी के साथ वहां आ धमका।
सिर में सटाकर दागी पिस्टल से गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने अपनी बाइक को असद की स्कूटी के बिल्कुल करीब सटाया। इससे पहले कि असद कुछ समझ पाते, जफर ने पिस्टल निकाली और सीधे असद के सिर में गोली दाग दी। गोली लगते ही असद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जफर अपने साथी के साथ बड़ी ही आसानी से वहां से फरार हो गया। बीच सड़क पर हुई इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई।
10 लाख की रंगदारी और पुरानी रंजिश
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी जफर हुसैन एक शातिर अपराधी है और उस पर पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि जफर पिछले काफी समय से अपने जीजा मोहम्मद असद से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहा था। इस धमकी को लेकर दिसंबर के महीने में मझोला थाने में केस भी दर्ज कराया गया था। इतना ही नहीं, जफर का अपने सगे भाई मुजाहिद (जो असद के साथ स्कूटी पर थे) के साथ भी संपत्ति को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश की आग में जलते हुए जफर ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
जज बेटी के परिवार में छाया मातम
मोहम्मद असद का परिवार मुरादाबाद के प्रतिष्ठित परिवारों में से एक है। उनकी एक बेटी और दामाद दोनों जज हैं, बेटी फिलहाल बुलंदशहर में तैनात हैं। जैसे ही पिता की हत्या की खबर जज बेटी और अन्य परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की 3 टीमें
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस को सुलझाने के लिए मुरादाबाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी जफर और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए नागफनी पुलिस की तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। साथ ही एसओजी (SOG) और सर्विलांस सेल को भी एक्टिव कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।