मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर और लगातार तीन बार के विधायक नवाब जान इन दिनों लगातार जनता और युवाओं के बीच एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में सपा विधायक नवाब जान भगतपुर इलाके में आयोजित एक भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने पहुंचे। विधायक को अपने बीच पाकर वहां मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
खेलों को बताया युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय लेते हुए ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान ने सभी का जमकर उत्साहवर्धन किया। युवाओं और दर्शकों को संबोधित करते हुए विधायक नवाब जान ने खेलों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं के शारीरिक-मानसिक विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य का एक मजबूत आधार भी हैं। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
क्षेत्र के प्रमुख संभ्रांत और समाजवादी नेता रहे मौजूद
भगतपुर में आयोजित इस शानदार टूर्नामेंट को सफल बनाने में स्थानीय खेल समितियों और जिम्मेदार नागरिकों का बड़ा योगदान रहा। इस खास अवसर पर टूर्नामेंट के मुख्य आयोजक हाफिज बदर अली और भूरे अली के साथ मोहम्मद रफी डीलर, बिलाल लेफ्टी, रज्जू, आबिद अली बीडीसी, यूसुफ प्रधान, अकबर अली एवं हसमत अली मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी स्थानीय नेताओं और गणमान्य लोगों ने विधायक नवाब जान का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और युवाओं के लिए इस तरह के आयोजनों को आगे भी जारी रखने की बात कही।