उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे रसूखदार ‘यादव परिवार’ से एक ऐसी खबर सामने आ रही है जिसने सबको हैरान कर दिया है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव को तलाक देने का फैसला किया है। मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा के बीच अलगाव की इस खबर ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।
राजनीति से दूर, बिजनेस में मशगूल हैं प्रतीक
अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव हमेशा से ही राजनीति की चकाचौंध से दूर रहे हैं। जहाँ पूरा परिवार सियासत में सक्रिय है, वहीं प्रतीक अपना रियल स्टेट और फिटनेस का बिजनेस संभालते हैं। प्रतीक को खुद भी बॉडी बिल्डिंग का काफी शौक है और वह अपनी फिटनेस के लिए जाने जाते हैं। प्रतीक और अपर्णा की एक प्यारी सी बेटी है, जिसका नाम प्रथमा है। प्रथमा के पहले जन्मदिन पर देश की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की थी, लेकिन अब इस परिवार के टूटने की खबर ने प्रशंसकों को मायूस कर दिया है।
अपर्णा यादव का सियासी सफर और बीजेपी का साथ
अपर्णा यादव न केवल मुलायम परिवार की छोटी बहू हैं, बल्कि वह खुद भी एक चर्चित चेहरा हैं। उनके पिता अरविंद सिंह एक वरिष्ठ पत्रकार रहे हैं और उनकी मां लखनऊ नगर निगम में अधिकारी हैं। अपर्णा ने 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें जीत नहीं मिली। इसके बाद जनवरी 2022 में उन्होंने सबको चौंकाते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया था। उन्हें डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।