लंदन: क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खेल की दुनिया में समय-समय पर नियम बदलते रहते हैं, लेकिन इस बार मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) ने क्रिकेट की तस्वीर बदलने वाला बड़ा कदम उठाया है। एमसीसी ने क्रिकेट के कुल 73 नियमों में संशोधन किया है। ये नए नियम 1 अक्टूबर, 2026 से अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में लागू कर दिए जाएंगे।
टेस्ट मैच के आखिरी ओवर का वो पुराना नियम खत्म
टेस्ट क्रिकेट में अब तक एक नियम था कि यदि दिन के खेल के आखिरी या सेकंड लास्ट ओवर में कोई विकेट गिरता था, तो खेल को वहीं रोक दिया जाता था। नया बल्लेबाज मैदान पर नहीं आता था और दिन का खेल खत्म घोषित हो जाता था। एमसीसी ने अब इस नियम को पूरी तरह बदल दिया है।
एमसीसी का मानना है कि इससे खेल का रोमांच कम होता था क्योंकि नया बल्लेबाज मुश्किल समय में बैटिंग करने से बच जाता था। अब नए नियम के तहत, यदि रोशनी और परिस्थितियां ठीक हैं, तो विकेट गिरने के बाद भी ओवर पूरा किया जाएगा और नए बल्लेबाज को क्रीज पर उतरना ही होगा।
सस्ते बैट को मिली मंजूरी और हिट विकेट पर सफाई
क्रिकेट को और अधिक सुलभ बनाने के लिए एमसीसी ने ‘लेमिनेटेड बैट’ को सशर्त मंजूरी दे दी है। अक्सर सिंगल पीस लकड़ी से बने बैट महंगे होते हैं, लेकिन अब दो या तीन लकड़ी के टुकड़ों को जोड़कर बनाए गए बैट भी क्लब क्रिकेट में इस्तेमाल किए जा सकेंगे।
साथ ही, ‘हिट विकेट’ को लेकर भी स्थिति साफ कर दी गई है। अगर बल्लेबाज शॉट खेलते समय स्टंप्स पर गिर जाता है या उसका बैट स्टंप्स पर लग जाता है, तो वह आउट होगा। लेकिन, अगर वह विपक्षी खिलाड़ी से टकराकर स्टंप्स पर गिरता है, तो उसे आउट नहीं दिया जाएगा।
ओवरथ्रो और डेड बॉल के नियम भी बदले
अब ओवरथ्रो और मिस्फील्ड के बीच का अंतर बिल्कुल साफ होगा। ओवरथ्रो तभी माना जाएगा जब फील्डर विकेट की तरफ थ्रो फेंके और गेंद आगे निकल जाए। अगर बाउंड्री पर गेंद रोकते समय हाथ से फिसलती है, तो उसे सिर्फ मिस्फील्ड कहा जाएगा।
डेड बॉल के नियम में भी बदलाव हुआ है। अब गेंद का विकेटकीपर या गेंदबाज के हाथ में होना अनिवार्य नहीं है। अगर गेंद मैदान पर रुक जाती है और अंपायर को लगता है कि अब रन लेना मुमकिन नहीं है, तो वह उसे ‘डेड बॉल’ घोषित कर सकता है।
कौन बनाता है क्रिकेट के ये नियम?
आपको बता दें कि क्रिकेट के नियम बनाने का अधिकार आईसीसी (ICC) के पास नहीं, बल्कि एमसीसी (MCC) के पास है। एमसीसी लंदन स्थित एक प्राइवेट क्लब है जिसकी स्थापना 1787 में हुई थी। इसकी एक खास समिति होती है जो खेल की जरूरतों के हिसाब से नियमों में बदलाव करती है।