उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल गर्माने लगा है और इसके साथ ही प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य में वर्तमान में चल रही ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) प्रक्रिया अब अपने बिल्कुल आखिरी पड़ाव पर पहुंच गई है। अगर आप यूपी के रहने वाले हैं और चाहते हैं कि अगली सरकार चुनने में आपकी भी भागीदारी हो, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है। चुनाव आयोग के सख्त निर्देशों के मुताबिक, मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, कटवाने या किसी भी तरह की गलती को ठीक करने के लिए आज यानी 6 फरवरी (शुक्रवार) आखिरी दिन है।
आज चूके तो साल भर का पछतावा
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आज के बाद चुनाव आयोग किसी भी तरह का दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं करेगा। इसका सीधा सा मतलब यह है कि अगर आज आपने अपनी जानकारी सही नहीं कराई, तो मतदान के दिन आपको मायूस होना पड़ सकता है। चुनाव आयोग इस विशेष अभियान को इसलिए चला रहा है ताकि वोटर लिस्ट एकदम साफ-सुथरी और सटीक हो। SIR प्रक्रिया के जरिए उन नामों को हटाया जा रहा है जो फर्जी हैं या एक से ज्यादा जगह दर्ज हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आज का मौका हाथ से निकलने के बाद, सुधार के लिए अगले साल तक का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
आईडी कार्ड है पर लिस्ट में नाम नहीं?
अक्सर ऐसा होता है कि लोगों के हाथ में वोटर आईडी कार्ड तो होता है, लेकिन जब वे पोलिंग बूथ पहुंचते हैं तो लिस्ट में उनका नाम ही गायब मिलता है। कभी नाम की स्पेलिंग गलत होती है तो कभी उम्र या पते में गड़बड़ी। ऐसी छोटी सी लापरवाही आपको आपके वोटिंग के अधिकार से वंचित कर सकती है। निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे तुरंत voters.eci.gov.in पोर्टल पर जाएं और ‘Search in Electoral Roll’ विकल्प पर जाकर अपना स्टेटस चेक करें। जो लोग ऐप इस्तेमाल करना जानते हैं, वे ‘Voter Helpline App’ की मदद ले सकते हैं, जबकि बाकी लोग अपने इलाके के बीएलओ (BLO) या मतदान केंद्र पर जाकर लिस्ट देख सकते हैं।
नाम नहीं है तो तुरंत भरें यह फॉर्म
अगर आपने लिस्ट चेक की और आपका नाम वहां नहीं मिला, तो चिंता न करें लेकिन जल्दी करें। आपको बिना वक्त गंवाए फॉर्म-6 भरना होगा। यह फॉर्म विशेष रूप से उन लोगों के लिए है जो पहली बार अपना नाम जुड़वाना चाहते हैं या जिनका नाम लिस्ट में शामिल नहीं है। आप इस फॉर्म को भरकर अपने बीएलओ को दे सकते हैं या सीधे निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के दफ्तर में जमा कर सकते हैं। बस याद रखें कि इसके साथ आधार कार्ड, पहचान पत्र और जन्म प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कागज लगाना न भूलें।