न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान: चेन्नई में छिड़ेगा महासंग्राम
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे दिन (8 फरवरी) क्रिकेट फैंस के लिए मनोरंजन का ट्रिपल डोज है। दिन का पहला मुकाबला ग्रुप-डी की दो मजबूत टीमों, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड भले ही कागज पर मजबूत है, लेकिन अफगानिस्तान का पलड़ा भारी लग रहा है क्योंकि 2024 वर्ल्ड कप में अफगान टीम ने कीवियों को 84 रनों से करारी शिकस्त दी थी। चेन्नई की टर्निंग पिच पर राशिद खान और मुजीब उर रहमान की जोड़ी न्यूजीलैंड के लिए मुसीबत बन सकती है।
समय: सुबह 11:00 बजे (टॉस 10:30 बजे) स्थान: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई
इंग्लैंड बनाम नेपाल: वानखेड़े में उलटफेर की उम्मीद
दो बार की विश्व विजेता इंग्लैंड आज अपने अभियान की शुरुआत नेपाल के खिलाफ करेगी। नेपाल की टीम तीसरी बार विश्व कप का हिस्सा बन रही है और पिछले कुछ सालों में उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम की तेज पिच पर इंग्लैंड के पावर हिटर आक्रामक रुख अपना सकते हैं, लेकिन नेपाल की टीम किसी भी बड़े उलटफेर को अंजाम देने का दमखम रखती है।
समय: दोपहर 3:00 बजे (टॉस 2:30 बजे) स्थान: वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
श्रीलंका बनाम आयरलैंड: मेजबान का घरेलू मैदान पर आगाज
आज का आखिरी और तीसरा मैच सह-मेजबान श्रीलंका और आयरलैंड के बीच कोलंबो में खेला जाएगा। ग्रुप बी की ये दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करना चाहेंगी। आंकड़ों की बात करें तो श्रीलंका ने आयरलैंड के खिलाफ अब तक खेले गए तीनों टी20 मैचों में जीत दर्ज की है। हालांकि, आयरलैंड की टीम पहली बार श्रीलंकाई धरती पर टी20 खेलने उतर रही है, जो इस मुकाबले को दिलचस्प बनाता है।
समय: शाम 7:00 बजे (टॉस 6:30 बजे) स्थान: आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
इन सभी मैचों का लाइव प्रसारण भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क (Star Sports Network) पर किया जाएगा। अगर आप मोबाइल या लैपटॉप पर मैच देखना चाहते हैं, तो जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी।