कोलंबो: भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक राहत भरी और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि रविवार को कोलंबो के मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ ‘किलर’ बल्लेबाज अभिषेक शर्मा मैदान पर गदर मचाते नजर आएंगे। उनकी वापसी से भारतीय बैटिंग लाइन-अप को जबरदस्त मजबूती मिली है।
अस्पताल से सीधे मैदान तक का सफर
बता दें कि अभिषेक शर्मा को लेकर फैंस काफी चिंतित थे क्योंकि वे नामीबिया के खिलाफ पिछले मैच में भारतीय प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बन पाए थे। खबर आई थी कि उन्हें गंभीर पेट में संक्रमण (Stomach Infection) की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि, अब अभिषेक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। सूर्यकुमार यादव ने मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनकी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है।
पाकिस्तान के खिलाफ बनेगा नया प्लान
अभिषेक शर्मा की वापसी ने पाकिस्तानी खेमे में हलचल पैदा कर दी है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर अभिषेक, पावरप्ले में विपक्षी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ने में माहिर हैं। कोलंबो की पिच पर उनकी स्पिन को खेलने की क्षमता भारत के लिए ‘ट्रंप कार्ड’ साबित हो सकती है। कप्तान सूर्या ने संकेत दिए हैं कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेगा।