देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा और भी सख्त हो गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने एक ऐसी ‘हसीना’ को दबोचा है, जिसकी सच्चाई जानकर पुलिस भी सन्न रह गई। खुशनुमा अंसारी उर्फ ‘नेहा’ नाम की यह महिला ब्यूटी पार्लर चलाने की आड़ में खूंखार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का काला कारोबार संभाल रही थी। पुलिस के मुताबिक, नेहा महज एक ब्यूटीशियन नहीं, बल्कि गैंगस्टर सिंडिकेट की एक अहम कड़ी है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा से सीधा नाता
जांच एजेंसियों के मुताबिक, खुशनुमा अंसारी के तार दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग से सीधे जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि नेहा दिल्ली-एनसीआर में इन गैंग्स के लिए न केवल जमीन तैयार कर रही थी, बल्कि हथियारों और ड्रग्स की सप्लाई चेन को सुरक्षित रखने में उसकी भूमिका बेहद अहम थी। वह गैंग के गुर्गों को छिपने के लिए सुरक्षित ठिकाना और रसद मुहैया कराने का काम भी देख रही थी।
ब्यूटी पार्लर के पीछे चलता था मौत का सामान
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा नेहा के काम करने के तरीके को लेकर हुआ है। नेहा उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। आम लोगों के लिए यह सिर्फ एक सौंदर्य केंद्र था, लेकिन इस चकाचौंध के पीछे ड्रग्स की सप्लाई और अवैध हथियारों की डीलिंग का गंदा खेल चल रहा था। सूत्रों की मानें तो नेहा ‘बॉबी कबूतर’ नाम के एक शातिर अपराधी के साथ मिलकर इस पूरे नेटवर्क को ऑपरेट कर रही थी।
पुलिस की पैनी नज़र और ‘स्पेशल’ एक्शन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम को लंबे समय से इस ब्यूटी पार्लर की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने नेहा पर पैनी नजर रखी और तकनीकी सर्विलांस के जरिए सबूत जुटाए। जैसे ही इस बात की पुष्टि हुई कि पार्लर की आड़ में गैंग का अड्डा चल रहा है, पुलिस ने छापा मारकर नेहा को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बरामदगी के आंकड़ों का खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन पुलिस की टीमें अब इस गैंग के अन्य गुर्गों की तलाश में जुटी हैं।
गैंग के गहरे राज उगलेगी ‘नेहा’
जांच एजेंसियां अब इस बात की तह तक जा रही हैं कि नेहा सीधे गैंग के बड़े सरगनाओं के संपर्क में थी या स्थानीय स्तर पर कोई और उसे हैंडल कर रहा था। पुलिस का मानना है कि नेहा की गिरफ्तारी से लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के दिल्ली-एनसीआर नेटवर्क के कई और सनसनीखेज राज खुल सकते हैं। आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होना तय माना जा रहा है।