जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। शुक्रवार की रात जहां एक परिवार में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब चीख-पुकार मची है। खेतासराय थाना इलाके के बादशाही बाजार में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग की और उसे मौत के घाट उतार दिया।
रास्ते में ही बिछा दी मौत की बिसात
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडौर गांव के रहने वाले 25 वर्षीय आजाद बिंद की बारात पूरे उत्साह के साथ बीबीपुर जमदहां जा रही थी। बारात अभी घर से महज 5 किलोमीटर दूर बादशाही बाजार पहुंची ही थी कि अपाची बाइक पर सवार दो नकाबपोश हमलावरों ने दूल्हे की कार को घेर लिया। हमलावरों ने पेशेवर अंदाज में दूल्हे को निशाना बनाते हुए तीन राउंड गोलियां चलाईं। जब तक बाराती कुछ समझ पाते, बदमाश जौनपुर की तरफ रफूचक्कर हो गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
गोली लगने के बाद खून से लथपथ आजाद को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी ले जाया गया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इलाज के दौरान आजाद ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई।
दुल्हन के घर मची चीख-पुकार
एक तरफ दूल्हे की हत्या हो चुकी थी, वहीं दूसरी तरफ दुल्हन पक्ष के लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में डूबे थे। रात के साढ़े नौ बजे तक उन्हें इस अनहोनी की भनक तक नहीं थी। जैसे ही दूल्हे की मौत की खबर वहां पहुंची, शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। दुल्हन और उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुरानी रंजिश या प्रेम प्रसंग? जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती जांच में कुछ चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि आजाद की संगत कुछ आपराधिक किस्म के लोगों के साथ थी और उसे पहले से ही अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था। चर्चा यह भी है कि मामला प्रेम प्रसंग (आशनाई) से जुड़ा हो सकता है, क्योंकि कुछ लोगों ने उसकी इस शादी पर आपत्ति जताई थी।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस रंजिश, प्रेम प्रसंग और आपसी मनमुटाव समेत सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।