हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। एक महिला ने गुस्से और बदले की आग में अंधी होकर अपने ही देवर के साथ वो खौफनाक काम कर दिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। जब महिला को पता चला कि उसका प्रेमी (रिश्ते में देवर) किसी और से शादी कर चुका है, तो उसने उसे सबक सिखाने के लिए खतरनाक साजिश रची।
महिला ने प्यार का झांसा देकर युवक को मिलने के लिए सुनसान खेत में बुलाया और फिर ब्लेड से उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई दंग है।
धोखे की आग में जली 4 बच्चों की मां
यह मामला हरदोई के पाली थाना क्षेत्र के गुजदेई गांव का है। जानकारी के मुताबिक, 20 वर्षीय सुधीर का पिछले करीब चार सालों से गांव की ही एक महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। महिला रिश्ते में सुधीर की भाभी लगती थी और वह चार बच्चों की मां है। बताया जा रहा है कि सुधीर ने अपनी प्रेमिका को बिना बताए 6 मई को किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। जैसे ही सुधीर की शादी की खबर भाभी को लगी, वह बदले की आग में जलने लगी। उसे लगा कि सुधीर ने उसे प्यार में धोखा दिया है।
खेत में बुलाया और फिर शुरू हुआ खूनी खेल
शनिवार को आरोपी महिला ने सुधीर को बातचीत करने और पुरानी यादें ताजा करने के बहाने कुरसेली गांव के पास खेतों में बुलाया। सुधीर बेखबर होकर अपनी भाभी से मिलने खेत पहुंच गया। वहां पहुंचते ही दोनों के बीच शादी को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि महिला ने अपना आपा खो दिया। उसने पहले से छिपाकर रखा एक ब्लेड निकाला और सुधीर के गुप्तांगों पर वार कर दिया। हमले के बाद सुधीर दर्द से चीखने लगा और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया।
बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा
जानलेवा हमले के बाद सुधीर अपनी जान बचाने के लिए बदहवास हालत में सड़क की तरफ भागा। आरोपी महिला भी हाथ में ब्लेड लिए उसके पीछे-पीछे दौड़ी। सड़क पर दोनों के बीच काफी देर तक हंगामा होता रहा, जिसे देख राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। जब महिला को लगा कि वह फंस सकती है, तो उसने तुरंत पैंतरा बदल लिया। उसने भीड़ के सामने रोना शुरू कर दिया और आरोप लगाया कि वह बैंक जा रही थी, तभी सुधीर ने उसे रोककर जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने दावा किया कि उसने आत्मरक्षा में सुधीर पर हमला किया है।
घायल सुधीर को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।