भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिनर और वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स के निशाने पर हैं। हालांकि, मैदान पर अपनी फिरकी से दिग्गजों को चकाने वाले ‘भज्जी’ ने यहां भी तीखा पलटवार किया है और ट्रोल करने वालों को जमकर खरी-खोटी सुनाई है।
दरअसल, इस पूरे विवाद की जड़ें हालिया राजनीतिक उथल-पुथल से जुड़ी हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने हरभजन सिंह को पंजाब से राज्यसभा भेजा था, लेकिन कुछ दिनों पहले ही राघव चड्ढा के नेतृत्व में ‘आप’ के सात सांसदों ने भारतीय जनता पार्टी में विलय कर लिया था। पार्टी बदलने के बाद से ही हरभजन सिंह को लगातार सोशल मीडिया पर निशाना बनाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर यूजर ने कहा ‘गद्दार’, भज्जी ने दिया करारा जवाब
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक यूजर ने हरभजन सिंह को टैग करते हुए लिखा, “हरभजन सिंह, आप जिस नेता को दिन-रात गालियां देते रहते हैं, उसने आपको जो राज्यसभा सीट दी थी, उससे आप इस्तीफा क्यों नहीं दे देते?” इतना ही नहीं, उस यूजर ने पूर्व क्रिकेटर के लिए ‘गद्दार’ जैसे कड़े शब्द का भी इस्तेमाल किया।
हरभजन सिंह ने इस पोस्ट को अपने अकाउंट पर री-शेयर करते हुए बेहद आक्रामक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने लिखा, “जब सही समय आएगा, तो आपकी हर बात का जवाब दिया जाएगा। मैंने आपके किसी भी नेता का अपमान नहीं किया है। मैं अपनी जुबां क्यों खराब करूं?”
‘बताऊंगा कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बिकी थी’
बात सिर्फ यहीं नहीं रुकी, हरभजन सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर सीधे गंभीर आरोप लगाते हुए बात आगे बढ़ाई। उन्होंने ट्रोलर्स को जवाब देते हुए लिखा, “जो लोग मुझे गद्दार कह रहे हैं, वे पहले अपने ही लोगों से पूछें कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बिकी थी। अगर वे आपको नहीं बताते, तो मैं आपको बताऊंगा कि किसे कितनी रिश्वत मिली और किसकी तरफ से मिली। कैसे किसी को पंजाब को लूटने और ‘लाला’ तक माल पहुंचाने के लिए मंत्री या चौकीदार बनाया गया। पंजाब को पूरी तरह लूटा और नोच-खसोट लिया गया है।”
जालंधर वाले घर पर प्रदर्शन, भगवंत मान सरकार ने हटाई सुरक्षा
आम आदमी पार्टी का साथ छोड़ने के बाद से ही हरभजन सिंह को न सिर्फ डिजिटल दुनिया में बल्कि जमीनी स्तर पर भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने पंजाब के जालंधर में स्थित हरभजन सिंह के आवास के बाहर इकट्ठा होकर भारी विरोध प्रदर्शन किया था।
इसके साथ ही, पंजाब की भगवंत मान सरकार ने एक्शन लेते हुए हरभजन सिंह को मिली सरकारी सुरक्षा भी वापस ले ली है। सुरक्षा हटाए जाने और चौतरफा हमलों के बीच हरभजन सिंह के इस ताजा और विस्फोटक बयान ने पंजाब से लेकर दिल्ली तक की सियासत में एक नया भूचाल ला दिया है।