मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में आने वाली नगर पालिका परिषद ठाकुरद्वारा का वार्ड नंबर 18 इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। विकास के बड़े-बड़े वादों और दावों के बावजूद यहां की असलियत कुछ और ही बयां कर रही है।
हल्की सी बारिश होते ही वार्ड की गलियां तालाब में तब्दील हो जाती हैं। पानी इतना भर जाता है कि लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। घरों से निकलना दूभर हो जाता है और रोजमर्रा का कामकाज ठप पड़ जाता है।
इस बार फिर यही हुआ। लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर वार्ड के लोग सड़क पर उतर आए। आज वार्ड वासियों ने अपनी भड़ास निकाली और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने नगर पालिका की लापरवाही पर गुस्सा जताया और जल्द समस्या का समाधान मांगा। लोगों का कहना है कि सालों से ये हाल है, लेकिन कोई स्थायी हल नहीं निकला।