उत्तर प्रदेश के उन लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है जो खाकी वर्दी पहनने का सपना देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2026 को लेकर राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक और बड़ा फैसला लिया है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए भर्ती के लिए निर्धारित आयु सीमा में 3 साल की छूट देने का निर्णय किया है। सरकार के इस कदम से उन युवाओं में खुशी की लहर है जो लंबे समय से भर्ती के इंतजार में ओवरएज (उम्र दराज) हो गए थे।
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को मिलेगा समान लाभ
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह 3 साल की छूट किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि सभी श्रेणियों (General, OBC, SC, ST) के उम्मीदवारों पर समान रूप से लागू होगी। इसका सीधा मतलब यह है कि अब सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थी 22 के बजाय 25 साल की उम्र तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि अन्य आरक्षित वर्गों के लिए भी अधिकतम आयु सीमा में 3 साल का इजाफा हो गया है। सरकार ने यह फैसला भर्ती में होने वाली देरी और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया है।
लंबे संघर्ष के बाद मिली बड़ी जीत
आपको बता दें कि प्रदेश के लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से आयु सीमा में छूट देने की मांग कर रहे थे। अभ्यर्थियों का तर्क था कि पिछले कुछ वर्षों में नियमित भर्तियां न आने के कारण कई योग्य उम्मीदवार बिना परीक्षा दिए ही अयोग्य हो गए थे। युवाओं की इस जायज मांग को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद संज्ञान लिया और भर्ती बोर्ड को आयु सीमा बढ़ाने के निर्देश दिए।