नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन मैदान पर चौके-छक्के लगने से पहले ही सोशल मीडिया पर भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी चरम पर पहुंच गई है। इस बार आमने-सामने कोई खिलाड़ी नहीं, बल्कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और भारत के पूर्व दिग्गज ओपनर आकाश चोपड़ा हैं। लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली एक जीत पर जब पाक पीएम ने कसीदे पढ़े, तो आकाश चोपड़ा ने उन्हें आईना दिखाने में जरा भी देर नहीं की।
शहबाज शरीफ ने जीत को बताया ‘इलेक्ट्रिफाइंग’
दरअसल, लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 22 रनों से मात दी। इस जीत से उत्साहित प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ‘X’ (पहले ट्विटर) पर टीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, “ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार (Electrifying) प्रदर्शन के लिए टीम पाकिस्तान को बधाई। मैं पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी और उनकी टीम के प्रयासों की भी सराहना करता हूं। यह पूरे देश के लिए गर्व का पल है।”
आकाश चोपड़ा का तीखा पलटवार
शहबाज शरीफ का यह ‘बड़बोलापन’ भारतीय कमेंटेटर आकाश चोपड़ा को रास नहीं आया। अपने बेबाक अंदाज के लिए मशहूर चोपड़ा ने पाक पीएम की पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए उनकी खुशी को ‘हकीकत’ से रूबरू कराया। आकाश ने लिखा, “पूरे सम्मान के साथ… यह ऑस्ट्रेलिया की ‘B टीम’ के खिलाफ एक द्विपक्षीय सीरीज है। उनके कई मुख्य खिलाड़ी इस दौरे पर हैं ही नहीं। 170 रन वाले मैच में 20 रन की जीत को ‘इलेक्ट्रिफाइंग’ कहना थोड़ा ज्यादा हो गया।”
आंकड़े दे रहे हैं चोपड़ा का साथ
आकाश चोपड़ा का यह तर्क महज हवा-हवाई नहीं है, बल्कि आंकड़े भी इसकी गवाही दे रहे हैं। इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी मुख्य टीम नहीं भेजी है। पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, ग्लेन मैक्सवेल, टिम डेविड और नाथन एलिस जैसे मैच विनर खिलाड़ी वर्कलोड मैनेजमेंट और फिटनेस के कारण पाकिस्तान नहीं आए हैं। हद तो तब हो गई जब नियमित कप्तान मिचेल मार्श भी पहले मैच से नदारद रहे और टीम की कमान ट्रेविस हेड को संभालनी पड़ी। ऐसे में एक कमजोर टीम को हराने पर ‘राष्ट्रीय गौरव’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर सोशल मीडिया पर अब पाकिस्तानी पीएम की जमकर किरकिरी हो रही है।