नई दिल्ली: क्रिकेट जगत से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। अगले महीने शुरू होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया है। इस फैसले ने न केवल करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल तोड़ दिया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की भी नींद उड़ा दी है।
पाकिस्तान का हैरान करने वाला फैसला और ICC की चेतावनी
आईसीसी ने पाकिस्तान के इस अड़ियल रुख पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आईसीसी ने साफ तौर पर कहा है कि वह उम्मीद करता है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) एक ऐसा ‘आपसी सहमति वाला समाधान’ निकालेगा, जिससे सभी पक्षों के हितों की रक्षा हो सके। इतना ही नहीं, क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने पाकिस्तान को आगाह किया है कि इस फैसले के ‘दूरगामी और गंभीर परिणाम’ हो सकते हैं। इसका सीधा मतलब है कि पाकिस्तान पर भारी जुर्माना या बैन जैसी गाज भी गिर सकती है।
15 फरवरी को होना था महा-मुकाबला
भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है, जो 8 मार्च तक चलेगा। शेड्यूल के मुताबिक, 15 फरवरी को क्रिकेट की दुनिया का सबसे बड़ा मुकाबला यानी ‘भारत बनाम पाकिस्तान’ तय था। लेकिन रविवार को पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक आधिकारिक बयान जारी कर सबको सन्न कर दिया। सरकार ने दो टूक कह दिया कि 15 फरवरी को पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ मैदान में नहीं उतरेगी। हालांकि, इस फैसले के पीछे का असली कारण क्या है, इसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया है।
बांग्लादेश से शुरू हुआ विवाद अब स्कॉटलैंड तक पहुँचा
इस पूरे हाई-वोल्टेज विवाद की जड़ें दरअसल बांग्लादेश से जुड़ी हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश ने भारत की धरती पर वर्ल्ड कप मैच खेलने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद आईसीसी ने कड़ा रुख अपनाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। माना जा रहा है कि पाकिस्तान का यह ताजा फैसला उसी घटनाक्रम की एक कड़ी है, जिसने अब वर्ल्ड कप के रोमांच पर काले बादल मंडरा दिए हैं।