पौड़ी: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पौड़ी जिले के पाबौ विकासखंड से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। बुधवार को जंगल में घास लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। भालू के इस हमले में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई है। डॉक्टरों ने महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद शासन-प्रशासन की मदद से उसे एयर एंबुलेंस के जरिए देहरादून भेजा गया।
जंगल में घात लगाकर बैठा था भालू
जानकारी के मुताबिक, यह घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। पाबौ ब्लॉक के खंडुली गांव की रहने वाली ज्योति देवी (पत्नी जगदीश) अन्य दिनों की तरह जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं। वह अभी जंगल के रास्ते में ही थीं कि तभी झाड़ियों में घात लगाकर बैठे एक विशालकाय भालू ने उन पर झपट्टा मार दिया। ज्योति देवी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और भालू ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया।
ग्रामीणों की तत्परता और एयर एंबुलेंस का सहारा
महिला की चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग निकला। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए 108 एंबुलेंस को फोन किया और घायल ज्योति देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार तो दिया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी।
जिला पंचायत सदस्य भरत रावत ने बताया कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय चिकित्सा की जरूरत थी। इसके बाद मामले की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को दी गई। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद फौरन एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और घायल महिला को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। इस घटना के बाद से गांव के लोग दहशत में हैं और वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।