वाराणसी: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ योगी सरकार का ‘ऑपरेशन क्लीन’ लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को वाराणसी जिले में एसटीएफ (STF) और एक खूंखार अपराधी के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी बदमाश बनारसी यादव को मार गिराया है। बनारसी यादव एक शातिर सुपारी किलर था, जिसकी तलाश पुलिस को काफी समय से थी।
बरियासनपुर रिंग रोड पर हुई मुठभेड़
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि शातिर शूटर बनारसी यादव चौबेपुर इलाके में देखा गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (STF) अमिताभ यश ने बताया कि यह मुठभेड़ चौबेपुर क्षेत्र के बरियासनपुर रिंग रोड पर हुई। एसटीएफ की टीम ने जब उसे घेरकर आत्मसमर्पण करने को कहा, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बनारसी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने दो पिस्टल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
महेंद्र गौतम हत्याकांड का था मुख्य आरोपी
मारे गए बदमाश बनारसी यादव पर सारनाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या करने का गंभीर आरोप था। बताया जा रहा है कि उसने सुपारी लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। महेंद्र गौतम की हत्या के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बनारसी यादव की पहचान एक ऐसे शार्प शूटर के रूप में थी जो पैसों के लिए किसी की भी जान लेने से नहीं हिचकिचाता था।
दो दर्जन मुकदमों से थर्राता था इलाका
बनारसी यादव का क्राइम रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ वाराणसी, गाजीपुर और सोनभद्र समेत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में कुल 21 से ज्यादा गंभीर मुकदमे दर्ज थे। हत्या, लूट और रंगदारी जैसे मामलों ने उसे पुलिस की ‘मोस्ट वांटेड’ लिस्ट में डाल दिया था। एसटीएफ की इस कामयाबी से पूर्वांचल के अपराधियों में खौफ का माहौल है।
एनकाउंटर पर क्या बोले सीएम योगी?
उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर्स को लेकर विपक्ष अक्सर सवाल उठाता रहता है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमेशा ही जीरो टॉलरेंस की नीति को स्पष्ट किया है। हाल ही में उन्होंने विरोधियों को कड़ा जवाब देते हुए कहा था, “जब अपराधी कानून को मानता नहीं और वह पुलिस पर गोलियां चलाता है, तो क्या पुलिस को बंदूक सिर्फ सजावट के लिए दी गई है?” सीएम के इस बयान से साफ है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।