उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी में राज्य कर विभाग (GST) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने एक नामी ज्वैलर के शोरूम और आवास पर छापा मारकर करीब 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना, चांदी और हीरे की ज्वैलरी बरामद की है। यह कार्रवाई इतनी बड़ी थी कि ज्वैलर ने अपनी गर्दन बचाने के लिए मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये का जुर्माना नकद जमा कर दिया।
एक महीने की ‘जासूसी’ के बाद पड़ा छापा राज्य कर विभाग को पिछले काफी समय से गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ बड़े व्यापारी सोने-चांदी की कीमतों में उछाल का फायदा उठाकर बिना पक्के बिल के करोड़ों का काला कारोबार कर रहे हैं। अपर आयुक्त आरए सेठ के निर्देश पर विभाग ने करीब एक महीने तक ज्वैलर की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। जब पुख्ता सबूत मिल गए, तो मुरादाबाद जोन की 10 सदस्यीय प्रवर्तन विंग ने दोपहर एक बजे शोरूम और घर पर एक साथ धावा बोल दिया।
कागज पर ग्राम, मौके पर किलो: ऐसे खुली पोल जब विभाग ने स्टॉक रजिस्टर की जांच की तो वहां केवल 439 ग्राम सोना और 120 किलो चांदी दर्ज थी। लेकिन जब अलमारियों और तिजोरियों की तलाशी ली गई, तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं। छापेमारी में:
- सोना: 16.638 किलो ज्वैलरी (बिना कागजात)
- चांदी: 875 किलो ज्वैलरी और सिल्लियां
- हीरा: 34.43 कैरेट के कीमती हीरे
21 घंटे तक थमी रहीं सांसें यह सर्च ऑपरेशन लगातार 21 घंटे तक चला। इस दौरान ज्वैलर के मोबाइल फोन और कुछ कच्चे पर्चे भी जब्त किए गए हैं, जिनमें करोड़ों के लेनदेन का डेटा छिपा होने की आशंका है। पूरे संभल और मुरादाबाद मंडल के सर्राफा व्यापारियों में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। विभाग अब जब्त किए गए डेटा की बारीकी से जांच कर रहा है ताकि सिंडिकेट के अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।