Dhurandhar: ‘शरारत’ गाने की शूटिंग के दौरान फूट-फूटकर रोने लगी थीं आयशा खान, पीरियड्स के दर्द के बीच ऐसे पूरा किया शूट!
हिट गाने के पीछे का अनसुना दर्द
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस और फैंस के दिलों में अपनी खास जगह बना ली है। रणवीर सिंह, संजय दत्त और अक्षय खन्ना जैसे सितारों से सजी इस फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गानों ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। खासकर गाना ‘शरारत’ चार्टबस्टर पर टॉप पर रहा, जिसमें आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा के डांस ने जान फूंक दी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस ग्लैमरस गाने की शूटिंग के दौरान आयशा खान किस दौर से गुजर रही थीं? हाल ही में एक इंटरव्यू में आयशा ने अपने उस संघर्ष को साझा किया है।
“पीरियड्स में थी और हड्डियां दर्द कर रही थीं”
पिंकविला से बातचीत करते हुए आयशा खान ने खुलासा किया कि ‘शरारत’ गाने का शूट उनके लिए शारीरिक और मानसिक रूप से कितना कठिन था। आयशा ने बताया, “यह दो दिन का बहुत ही थका देने वाला शूट था। उन दिनों मुझे पीरियड्स आए हुए थे। उस वक्त आप बिल्कुल भी अच्छा महसूस नहीं कर रहे होते क्योंकि ब्लोटिंग हो रही होती है और आप अपने बेस्ट लुक में नहीं होते। मुझे दुख है कि काश मैं उस वक्त अपने बेस्ट में होती।” आयशा ने आगे बताया कि दो दिनों में उन्हें डांस के साथ-साथ वेडिंग सीक्वेंस भी शूट करना था, जिसके कारण उनकी हड्डियां तक दर्द करने लगी थीं।
सेट पर ही रोने लगी थीं आयशा
थकान और पीरियड्स के कारण आयशा काफी इमोशनल हो गई थीं। उन्होंने बताया, “मैं बहुत थकी हुई थी और इमोशनली भी कमजोर महसूस कर रही थी। मैं खुद पर कंट्रोल नहीं कर पाई और सेट पर ही रोने लगी। हालांकि, वे खुशी के आंसू थे कि इतने दर्द और थकान के बावजूद हम काम पूरा कर रहे थे।” आयशा ने यह भी बताया कि शूट इतना व्यस्त था कि उन्हें पता ही नहीं चला कि सेट पर गौरव सर जैसे लोग भी मौजूद थे।
क्रिस्टल डिसूजा के साथ बॉन्डिंग
अपनी को-स्टार क्रिस्टल डिसूजा के बारे में बात करते हुए आयशा ने कहा कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि क्रिस्टल एक सीनियर एक्ट्रेस हैं, तो शायद उनके नखरे होंगे। आयशा ने कहा, “क्रिस्टल मेरी सीनियर हैं और उन्होंने बहुत काम किया है। मुझे लगा था कि उनके साथ काम करना मुश्किल होगा, लेकिन वह एक ‘स्वीटहार्ट’ हैं। हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया और उन्होंने मुझे काफी सपोर्ट किया।”
फिल्म ‘धुरंधर’ में आयशा और क्रिस्टल की केमिस्ट्री को फैंस ने काफी पसंद किया है और ‘शरारत’ गाना आज भी युवाओं की पहली पसंद बना हुआ है।