बॉर्डर 2: 300 करोड़ के क्लब में शानदार एंट्री
सनी देओल स्टारर ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। रिलीज के 16वें दिन यानी शनिवार को इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने शनिवार को 4.25 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जबकि शुक्रवार (15वें दिन) को इसने 2.85 करोड़ रुपये बटोरे थे। अब फिल्म का कुल कलेक्शन 301.50 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि मेकर्स ने कुछ दिन पहले ही 300 करोड़ का दावा कर दिया था, लेकिन आधिकारिक आंकड़ों में शनिवार को यह मील का पत्थर हासिल हुआ।
वध 2: धीरे-धीरे बढ़ रही है रफ्तार
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता की मर्डर मिस्ट्री ‘वध 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी, लेकिन शनिवार को इसमें बढ़त देखी गई। शुक्रवार को जहां फिल्म ने सिर्फ 50 लाख रुपये कमाए थे, वहीं शनिवार यानी रिलीज के दूसरे दिन फिल्म ने 71 लाख रुपये का कलेक्शन किया। अब तक फिल्म कुल 1.21 करोड़ रुपये कमा चुकी है। क्रिटिक्स से मिले अच्छे रिव्यूज के बाद उम्मीद है कि रविवार को इसकी कमाई में और उछाल आएगा। इस फिल्म में कुमुद मिश्रा और योगिता बिहानी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
भाबी जी घर पर हैं: बड़े पर्दे पर नहीं चला जादू
टीवी के सबसे लोकप्रिय शोज में से एक ‘भाबी जी घर पर हैं’ पर बनी फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को खींचने में नाकामयाब साबित हो रही है। इस फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 20 लाख रुपये का बिजनेस किया था। शनिवार को वीकेंड का थोड़ा फायदा मिला और फिल्म ने 35 लाख रुपये बटोरे। इसका अब तक का कुल कलेक्शन 55 लाख रुपये ही हो सका है। टीवी वाले किरदारों को बड़े पर्दे पर देखना दर्शकों को उतना रास नहीं आ रहा है।
मर्दानी 3: मुश्किल में फंसी रानी की फिल्म
रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ भी कई दिनों से सिनेमाघरों में टिकी हुई है, लेकिन ‘बॉर्डर 2’ की आंधी के आगे इसका टिकना मुश्किल हो गया है। नई फिल्मों और ‘बॉर्डर 2’ के दबदबे के कारण ‘मर्दानी 3’ का शनिवार का कलेक्शन उम्मीद से काफी कम रहा है। बड़े शहरों के मल्टीप्लेक्स में फिल्म थोड़ा-बहुत प्रदर्शन कर रही है, लेकिन कुल मिलाकर यह फिल्म अपनी लागत निकालने के लिए संघर्ष कर रही है।