भोजपुरी सिनेमा के ‘पॉवर स्टार’ पवन सिंह अपनी प्रोफेशनल लाइफ में जितने हिट हैं, पर्सनल लाइफ में उतने ही विवादों से घिरे रहते हैं। चाहे पत्नी ज्योति सिंह के साथ तलाक का मामला हो या आए दिन आने वाले बेबाक बयान, पवन सिंह हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। लेकिन इस बार पवन सिंह ने किसी निजी विवाद पर नहीं, बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री पर लगने वाले ‘अश्लीलता’ के दाग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और सीधा बॉलीवुड पर निशाना साधा है।
“भोजपुरी को ही क्यों किया जाता है टारगेट?”
हाल ही में एक इवेंट के दौरान जब पवन सिंह से भोजपुरी गानों में अश्लीलता को लेकर सवाल पूछा गया, तो वह बुरी तरह भड़क गए। उन्होंने कहा कि हर इंडस्ट्री में अच्छाई और बुराई दोनों होती है, लेकिन निशाना सिर्फ भोजपुरी को ही बनाया जाता है। पवन सिंह ने सवाल उठाया कि जब वह किसी भी बड़े मंच पर बैठते हैं, तो उनसे यही सवाल क्यों पूछा जाता है?
बॉलीवुड के सुपरहिट गानों पर खड़े किए सवाल
पवन सिंह ने अपनी बात को साबित करने के लिए हिंदी फिल्मों के कुछ सबसे मशहूर गानों का उदाहरण दिया। उन्होंने मंच से दहाड़ते हुए कहा:
“ये क्या है— मुन्नी बदनाम हुई डार्लिंग तेरे लिए? छत पर सोया था बहनोई, चोली के पीछे क्या है… और तो और बेबी को बेस पसंद है। इन गानों पर सवाल क्यों नहीं उठता? क्या इनमें अश्लीलता नहीं है?”
उन्होंने अपने सुपरहिट गाने ‘लॉलीपॉप लागेलु’ का बचाव करते हुए कहा कि उनके गाने की लाइनें तो जिला टॉप और लिपस्टिक लगाने जैसी सादा बातें करती हैं, फिर भी बवाल सिर्फ उन्हीं पर होता है।
“कितनी बार जवाब देगा आदमी?”
एक्टर ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह एक ही सवाल का जवाब बार-बार देकर थक चुके हैं। उन्होंने साफ किया कि हर फिल्म इंडस्ट्री में कमियां होती हैं, लेकिन भोजपुरी को बार-बार कटघरे में खड़ा करना अब बंद होना चाहिए। पवन सिंह का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है और उनके फैंस उनके इस बेबाक अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।