ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान अपने हालिया इंटरव्यू को लेकर विवादों के घेरे में आ गए हैं। रहमान ने म्यूजिक इंडस्ट्री में फैली सांप्रदायिकता, पिछले आठ सालों में काम की कमी और हालिया रिलीज फिल्म ‘छावा’ को लेकर ऐसी बातें कही हैं, जिसने मनोरंजन जगत से लेकर राजनीति तक में भूचाल ला दिया है। रहमान के इन बयानों पर अब बॉलीवुड हस्तियों, राजनेताओं और धर्मगुरुओं की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आइए जानते हैं आखिर रहमान ने ऐसा क्या कह दिया जिस पर इतना बवाल मचा है।
‘मेरे मजहब की वजह से पीठ पीछे होती है कानाफूसी’
बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए एक इंटरव्यू में एआर रहमान ने इंडस्ट्री के कड़वे अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कम काम मिलने के पीछे धर्म और राजनीति को जिम्मेदार ठहराया। रहमान ने कहा, “पिछले आठ सालों से मैं महसूस कर रहा हूं कि अब टैलेंट के दम पर काम नहीं मिलता। म्यूजिक इंडस्ट्री की बागडोर उन लोगों के हाथ में है जो न तो खुद क्रिएटिव हैं और न ही कला की कद्र करते हैं।” उन्होंने आगे बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म भी कम काम मिलने का एक बड़ा कारण है। लोग सामने तो कुछ नहीं कहते, लेकिन पीठ पीछे उनके धर्म को लेकर कानाफूसी की जाती है।
‘छावा’ को बताया बांटने वाली फिल्म, सांप्रदायिकता पर जताई चिंता
रहमान यहीं नहीं रुके, उन्होंने विक्की कौशल स्टारर फिल्म ‘छावा’ पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, “छावा एक ऐसी फिल्म है जो लोगों को बांटने का काम करती है। मुझे लगता है कि इस फिल्म ने समाज के बंटवारे का फायदा उठाया है, हालांकि इसका मकसद बहादुरी दिखाना ही क्यों न रहा हो।” रहमान ने चिंता जताते हुए कहा कि वह फिल्मी और संगीत की दुनिया में सांप्रदायिक भावनाओं को हावी होते देख रहे हैं, जिसका सीधा असर उनके प्रोफेशनल करियर पर पड़ रहा है।
कंगना रनौत का पलटवार: ‘आप जैसा नफरत करने वाला इंसान नहीं देखा’
रहमान के इन बयानों पर अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कड़ा ऐतराज जताया है। कंगना ने इंस्टाग्राम पर एक लंबी पोस्ट लिखकर रहमान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा, “प्रिय रहमान जी, मुझे एक विशेष विचारधारा का समर्थन करने के कारण बहुत भेदभाव सहना पड़ता है, लेकिन मुझे कहना होगा कि मैंने आपके जैसा पूर्वाग्रही और नफरत से भरा इंसान आज तक नहीं देखा।”
कंगना ने एक पुरानी बात याद दिलाते हुए खुलासा किया कि उन्होंने अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के लिए रहमान से संपर्क करना चाहा था, लेकिन रहमान ने उनसे मिलना तक गवारा नहीं किया। कंगना के मुताबिक, उन्हें बताया गया था कि रहमान किसी ‘प्रोपेगेंडा फिल्म’ का हिस्सा नहीं बनना चाहते। कंगना ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दलों ने भी मेरी फिल्म की तारीफ की, लेकिन आप अपनी नफरत में अंधे हो चुके हैं।