महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026) का रोमांच अपने चरम पर है। आज नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में सीजन का 11वां मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें आमने-सामने हैं दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही आरसीबी की नजरें आज की जीत के साथ अपनी बादशाहत बरकरार रखने पर हैं। मैच की शुरुआत में ही आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है, यानी दिल्ली की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोर बोर्ड पर चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखना चाहेगी।
आरसीबी की प्लेइंग-11 में भारी उलटफेर, 3 खिलाड़ियों की छुट्टी
टॉस के वक्त आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने सबको हैरान कर दिया जब उन्होंने बताया कि टीम आज तीन बड़े बदलावों के साथ मैदान पर उतर रही है। टीम के संतुलन को बेहतर बनाने के लिए लिंसी स्मिथ की जगह जॉर्जिया वोल को मौका दिया गया है। वहीं, प्रेमा रावत की जगह अनुभवी दयालन हेमलथा को वापस लाया गया है और गेंदबाजी विभाग में अरुंधति रेड्डी की जगह सायली सतघरे को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। आरसीबी इस समय अंक तालिका में शीर्ष पर है और वह किसी भी तरह की ढील देने के मूड में नहीं है।
दिल्ली कैपिटल्स में भी एक बदलाव, चोट ने बढ़ाई जेमिमा की टेंशन
दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाल रहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने बताया कि उनकी टीम को एक मजबूरी भरा बदलाव करना पड़ा है। टीम की स्टार ऑलराउंडर चिनेले हेनरी चोटिल होने के कारण इस मैच से बाहर हो गई हैं। उनकी जगह लकी हेमिल्टन को टीम में शामिल किया गया है। दिल्ली के लिए यह मैच बेहद अहम है क्योंकि वे जीत की लय को बरकरार रखते हुए प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती हैं। नवी मुंबई के इस मैदान पर यह सीजन का आखिरी मुकाबला है, जिसके बाद टूर्नामेंट अगले फेज में प्रवेश करेगा।
दोनों टीमों की अंतिम एकादश (Playing XI)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गौतमी नाइक, नादिन डी क्लार्क, राधा यादव, दयालन हेमलता, श्रेयंका पाटिल, सयाली सतघरे, लॉरेन बेल।
दिल्ली कैपिटल्स: शेफाली वर्मा, लिजेल ली (विकेटकीपर), लॉरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजान कप, लुसी हैमिल्टन, स्नेह राणा, निकी प्रसाद, मीनू मणि, नंदनी शर्मा, श्री चरणी।