क्या आप भी सोशल मीडिया पर खूबसूरत चेहरों को देखकर दोस्ती का हाथ बढ़ाते हैं? अगर हाँ, तो तेलंगाना के करीमनगर से आई यह खबर आपके होश उड़ा देगी। यहाँ पुलिस ने एक ऐसे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने प्यार और हुस्न का जाल बिछाकर ‘हनीट्रैप’ का खौफनाक खेल खेला। पुलिस का दावा है कि यह शातिर कपल अब तक 100 से ज्यादा रईसजादों और युवाओं को अपनी खूबसूरती के जाल में फंसाकर लूट चुका है।
इंस्टाग्राम पर हुस्न का जाल और फिर ब्लैकमेलिंग
इस पूरे गिरोह की मास्टरमाइंड ललिता नाम की महिला है, जो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थी। वह इंस्टाग्राम पर अपनी ग्लैमरस और बोल्ड तस्वीरें पोस्ट कर युवाओं को अपनी ओर खींचती थी। जब कोई युवक उसके जाल में फंस जाता, तो वह मीठी-मीठी बातें कर उन्हें रात के अंधेरे में अपने घर बुला लेती थी। असली खेल कमरे के अंदर शुरू होता था—जब ललिता युवक के साथ होती, तो उसका पति छिपकर उन निजी पलों की वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था। इसके बाद शुरू होता था मोटी रकम वसूली और धमकी का अंतहीन सिलसिला।
एक बिजनेसमैन की हिम्मत ने खोला राज
इस हाई-प्रोफाइल गैंग का पर्दाफाश तब हुआ जब एक पीड़ित बिजनेसमैन ने हिम्मत दिखाई। इस कपल ने बिजनेसमैन का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पहले उससे 13 लाख रुपये वसूले। लेकिन जब उनकी लालच और बढ़ी और उन्होंने 5 लाख रुपये की और डिमांड की, तो पीड़ित ने पुलिस की शरण लेने का फैसला किया। पुलिस ने जब कपल के घर छापेमारी की और उनका लैपटॉप खंगाला, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। लैपटॉप में सैंकड़ों ऐसे अश्लील वीडियो मिले, जिनमें ललिता अलग-अलग लड़कों के साथ नजर आ रही थी।
कर्ज और घाटे ने बनाया अपराधी
पुलिस पूछताछ में इस कपल ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। बताया जा रहा है कि इस पति-पत्नी का पहले मार्बल का बड़ा बिजनेस था, लेकिन उसमें उन्हें भारी घाटा हुआ। इसके अलावा उन्होंने एक प्लॉट खरीदा था जिसकी ईएमआई (EMI) वे नहीं भर पा रहे थे। बढ़ते कर्ज और तंगी से निकलने के लिए उन्होंने यह गंदा शॉर्टकट अपनाया। ललिता इंस्टाग्राम पर ‘Lallydimplequeen’ और यूट्यूब पर ‘Karimnagar pilla 143’ जैसे हैंडल से अमीर लोगों को अपना शिकार बनाती थी। फिलहाल पुलिस उन अन्य पीड़ितों की तलाश कर रही है जो बदनामी के डर से अब तक सामने नहीं आए हैं।