डोडा: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ भद्रवाह-चंबा मार्ग पर सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जांबाज जवानों ने अपनी जान गंवा दी है, जबकि 10 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा इतना भयानक था कि वाहन करीब 400 मीटर नीचे खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सेना की एक टीम बृहस्पतिवार सुबह अपनी रूटीन ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही उनका वाहन भद्रवाह-चंबा रोड पर ‘खन्नी टॉप’ के पास पहुँचा, वहाँ के दुर्गम रास्ते और एक तीव्र मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते जवानों से भरी गाड़ी पहाड़ी से नीचे करीब 400 मीटर गहरी खाई में समा गई। बताया जा रहा है कि उस वक्त वाहन में कुल 20 जवान सवार थे।
कठिन परिस्थितियों में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की खबर मिलते ही सेना, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। इलाका बेहद कठिन और भौगोलिक रूप से दुर्गम होने के बावजूद युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव टीम जब खाई में पहुँची, तो वहाँ 10 जवान शहीद हो चुके थे। अन्य 10 घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और नजदीकी उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फौरन एयरलिफ्ट किया गया और उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उपराज्यपाल ने जताया गहरा शोक
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हमारे 10 वीर जवानों की जान जाने से वे मर्माहत हैं। उन्होंने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपराज्यपाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायल जवानों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराया जाए और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।