‘एक लड़का और एक लड़की कभी दोस्त नहीं हो सकते’, फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ का यह मशहूर डायलॉग आज हॉलीवुड और फॉर्मूला वन की दुनिया पर बिल्कुल फिट बैठता नजर आ रहा है। लंबे समय तक एक-दूसरे को अपना ‘पक्का दोस्त’ बताने वाली सुपरमॉडल किम कार्दशियन और दिग्गज रेसर लुईस हैमिल्टन अब एक चर्चित ‘रूमर्ड कपल’ बन गए हैं। सोशल मीडिया पर उनके इश्क के चर्चे आग की तरह फैल रहे हैं और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी पुरानी दोस्ती अब प्यार में तब्दील हो चुकी है।
दोस्ती से प्यार तक: 10 साल पुरानी है किम और लुईस की कहानी
किम और लुईस एक-दूसरे के लिए अजनबी नहीं हैं। उनकी पहली मुलाकात करीब एक दशक पहले हुई थी। साल 2014 से ही दोनों को कई बड़े इवेंट्स और पार्टीज़ में साथ देखा जाता रहा है। दिलचस्प बात यह है कि जब किम रैपर कान्ये वेस्ट के साथ शादीशुदा थीं, तब भी वह लुईस से कई बार मिली थीं। उन दिनों लुईस हैमिल्टन सिंगर निकोल शेर्जिंगर को डेट कर रहे थे। हॉलीवुड के म्यूजिक इवेंट्स में अक्सर ये दोनों अपने-अपने पार्टनर्स के साथ शामिल होते थे और यहीं से इनके बीच दोस्ती का सिलसिला शुरू हुआ था।
फैशन और वेकेशन: जब करीब आने लगे दोनों सितारे
किम कार्दशियन और लुईस हैमिल्टन न सिर्फ अच्छे दोस्त हैं, बल्कि दोनों का फैशन सेंस भी जबरदस्त है। दोनों को स्टाइल आइकन माना जाता है, इसलिए कई हाई-प्रोफाइल फैशन इवेंट्स और पेरिस फैशन वीक में उन्हें साथ में पैपराजी के लिए पोज देते देखा गया है।
इतना ही नहीं, लुईस का किम के परिवार के साथ भी काफी करीबी रिश्ता रहा है। साल 2015 के ईस्टर वीकेंड पर लुईस को किम और कान्ये की फैमिली के साथ समय बिताते देखा गया था। उस दौरान किम की मां और मैनेजर क्रिस जेनर ने लुईस का जोरदार स्वागत किया था और उन्हें परिवार के सदस्य जैसा महसूस कराया था। साल 2021 के एक अवॉर्ड फंक्शन में भी दोनों के बीच की केमिस्ट्री ने सबका ध्यान खींचा था।
आखिर कब शुरू हुई अफेयर की चर्चा?
साल 2026 की शुरुआत के साथ ही इन दोनों के रिश्तों को लेकर अफवाहें तेज हो गईं। किम कार्दशियन का साल 2021 में कान्ये वेस्ट से तलाक हो चुका है, जिनसे उनके चार बच्चे हैं। वहीं, लुईस हैमिल्टन भी अपनी पार्टनर निकोल शेर्जिंगर से अलग हो चुके हैं। दोनों के सिंगल होने के बाद जब उन्हें नए साल का जश्न साथ मनाते देखा गया, तो फैंस के कान खड़े हो गए।
हाल ही में इंग्लैंड के एक सीक्रेट कंट्रीसाइड इलाके में दोनों को साथ में क्वालिटी टाइम बिताते हुए स्पॉट किया गया। ‘द सन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, किम और लुईस ने पेरिस में एक बेहद रोमांटिक छुट्टी बिताई। वे एक ही होटल में अलग-अलग समय पर पहुंचे, लेकिन अंदर जाकर उन्होंने साथ में वक्त बिताया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके वीडियो और इन मुलाकातों ने फैंस को यकीन दिला दिया है कि इनके बीच दोस्ती से बढ़कर कुछ जरूर है। अब फैंस को बस उनके आधिकारिक ऐलान (Official Statement) का इंतजार है।