मुंबई: बॉलीवुड की ‘इमोशनल क्वीन’ कही जाने वाली मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। कुछ दिनों पहले नेहा ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट शेयर किया था जिसने उनके करोड़ों फैंस की धड़कनें बढ़ा दी थीं। उन्होंने काम और निजी कारणों का हवाला देते हुए ब्रेक लेने का एलान किया था, लेकिन अब नेहा ने अपने नए गाने के साथ ‘पावरफुल’ वापसी कर ली है।
रिलीज हुआ नेहा का नया गाना ‘मिल लेना’
तमाम अटकलों और फैंस की चिंता के बीच नेहा कक्कड़ ने अपना नया गाना ‘मिल लेना’ रिलीज कर दिया है। यह गाना यूट्यूब पर आते ही छा गया है और इसे रिकॉर्ड तोड़ व्यूज मिल रहे हैं। इस गाने में नेहा ने अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ सुर मिलाए हैं। ‘मिल लेना’ एक रोमांटिक सैड सॉन्ग है, जिसमें प्यार के दर्द और इमोशन्स को बेहद खूबसूरती से पिरोया गया है। नेहा की मखमली और दिल छू लेने वाली आवाज एक बार फिर फैंस के दिलों पर जादू कर रही है।
सोशल मीडिया पर फैंस ने मनाया जश्न
नेहा की इस सरप्राइज वापसी से उनके चाहने वाले खुशी से झूम उठे हैं। यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने लिखा, “फाइनली शेरनी का कमबैक हो गया!”, वहीं दूसरे ने खुशी जताते हुए कहा, “नेहा और टोनी की जोड़ी फिर से सुपरहिट है।” फैंस का मानना है कि नेहा ने अपनी गायकी से उन सभी को जवाब दे दिया है जो उनकी वापसी पर सवाल उठा रहे थे।
ट्रोलिंग और ‘कैंडी शॉप’ का विवाद
बता दें कि ब्रेक पर जाने से पहले नेहा कक्कड़ को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उनका पिछला गाना ‘कैंडी शॉप’ अपने बोल्ड लिरिक्स और डांस स्टेप्स की वजह से सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हुआ था। लोगों ने गाने की काफी निंदा की थी, जिसके कुछ समय बाद ही नेहा ने अचानक ब्रेक लेने की घोषणा कर दी थी।
जब नेहा ने कहा था- ‘मुझे आजादी से जीने दो’
नेहा ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखकर सबको चौंका दिया था। उन्होंने लिखा था, “अब जिम्मेदारी, रिश्तों और काम से ब्रेक लेने का समय आ गया है। मुझे नहीं पता कि मैं वापस लौटूंगी या नहीं।” उन्होंने पैपराजी से अपनी फोटो न खींचने की अपील की थी और प्राइवेसी की मांग की थी। हालांकि, नेहा ने यह ब्रेक क्यों लिया था, इसका खुलासा उन्होंने अभी तक नहीं किया है, लेकिन ‘मिल लेना’ गाने के साथ उनकी वापसी ने साफ कर दिया है कि वह म्यूजिक की दुनिया से दूर नहीं रह सकतीं।